उत्तरकाशी। कल नेपाल मूल के दो व्यक्तियों द्वारा चौकी डुण्डा पर सूचना दी गई कि उनकी नाबालिग पुत्रियां बिना बताए घर से कहीं चली गई हैं। मामला नाबालिग बालिकाओं की सुरक्षा से जुड़ा होने एवं इसकी संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक उत्तरकाशी, श्रीमती कमलेश उपाध्याय के निर्देशन में चौकी डुण्डा पुलिस द्वारा तत्काल खोजबीन अभियान शुरू किया गया। प्रभारी चौकी डुण्डा उप निरीक्षक श्री प्रकाश राणा के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने मैनुअल पुलिसिंग के तहत आसपास के लोगों से पूछताछ, संभावित स्थानों पर तलाश एवं गहन पतारसी-सुरागरसी कर महत्वपूर्ण जानकारी जुटाते हुये अथक प्रयासों के फलस्वरूप दोनों बालिकाओं को सांय को ब्रह्मखाल क्षेत्र के सिलक्यारा गांव स्थित छानियों से सकुशल बरामद किया गया। पूछताछ में बालिकाओं ने बताया कि वे आपस में मित्र हैं तथा लंबे समय से विद्यालय नहीं जा रही थीं। घर में मन न लगने के कारण वे घर छोड़कर कहीं दूर जाने की योजना बना रही थीं। पुलिस द्वारा दोनों बालिकाओं की काउंसलिंग कर उन्हें सुरक्षित उनके परिजनों के सुपुर्द किया गया। परिजनों ने पुलिस की त्वरित एवं संवेदनशील कार्यवाही की सराहना करते हुए उत्तरकाशी पुलिस का आभार व्यक्त किया।