बन्द घर में हुई चोरी की घटना का 24 घण्टे में दून पुलिस ने किया खुलासा

एस.के.एम. न्यूज़ सर्विस
देहरादून, 2 नवंबर। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून प्रमेंद्र डोबाल के नेतृत्व में दून पुलिस अपराधियों पर सख्त नज़र आ रहीं हैं। बन्द घर में हुई चोरी की घटना का 24 घण्टे में दून पुलिस ने खुलासा करते हुये घटना को अंजाम देने वाले अभियुक्त को गिरफ्तार कर अभियुक्त के कब्जे से घटना में चोरी किया गया माल बरामद कर लिया हैं। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार अभियुक्त नशे का आदि है, जिसके द्वारा अपने नशे की लत को पूरा करने के लिये चोरी की घटना को अंजाम दिया था। अभियुक्त पूर्व में भी चोरी की घटना में जेल जा चुका है ।
प्राप्त जानकारी के अनुसार विगत 01 नवंबर को सुन्दर सिहं निवासी ढालीपुर कोतवाली विकासनगर ने कोतवाली विकासनगर पर एक लिखित शिकायत अज्ञात व्यक्ति द्वारा उनके घर का दरवाजा तोड़कर घर मे रखी नगदी व अन्य सामान चोरी करने के संबंध में दिया गया, जिस पर तत्काल अज्ञात व्यक्ति के विरुद्ध कोतवाली विकासनगर पर मुकदमा अपराध सख्या 340/2026 धारा 305ए/331(1) बीएनएस में अभियोग पंजीकृत किया गया। घटना के अनावरण तथा अभियुक्त की गिरफ्तारी हेतु वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून प्रमेंद्र डोबाल द्वारा दिये गए निर्देशों पर कोतवाली विकासनगर पर पुलिस टीम गठित की गई।गठित टीम द्वारा घटना स्थल का निरीक्षण कर आस-पास तथा आने जाने वाले रास्तों पर लगे सीसीटीवी कैमरो की फुटेजों का बारीकी से अवलोकन करते हुए संदिग्ध के सम्बन्ध में जानकारियां एकत्रित की गयी तथा प्राप्त जानकारी के आधार पर त्वरित कार्यवाही करते हुए मुखबिर की सूचना पर ढालीपुर क्षेत्र से घटना में शामिल अभियुक्त सद्दाम पुत्र इकराम निवासी 264 ढालीपुर कोतवाली विकासनगर देहरादून उम्र 32 वर्ष को गिरफ्तार किया गया, जिसके कब्जे से घटना में चोरी किया गया 01 मोबाईल फोन,12 हज़ार रुपये नगद व अन्य सामान बरामद किया गया। गिरफ्तार अभियुक्त नशे का आदी है, जिसके द्वारा अपने नशे की लत को पूरा करने के लिए उक्त चोरी की घटना को अंजाम दिया गया था। अभियुक्त पूर्व में भी चोरी की घटना में जेल जा चुका है।