देहरादून, 23 सितंबर। प्रांतीय पंजाबी महासभा उत्तराखंड के प्रदेश महामंत्री हरीश नारंग ने कहा की उत्तरांचल पंजाबी महासभा के पूर्व अध्यक्ष एवं किच्छा के विधायक तिलकराज बेहड़ के साथ हुए दुर्व्यवहार की कड़े शब्दों में निंदा की गई हैं। एक जनप्रतिनिधि के साथ पुलिस की मौजूदगी में हुई मारपीट की घटना शर्मनाक है। जब पुलिस जनप्रतिनिधि की ही सुरक्षा नहीं कर पा रही तो आम जनता अपनी सुरक्षा को लेकर सोच सकती है कि गुंडागर्दी करने वालों से अपने आप को कैसे बचाएगी। प्रांतीय पंजाबी महासभा उत्तराखंड के प्रदेश महामंत्री हरीश नारंग ने कहा की ये घटना सिर्फ राजनैतिक प्रतिद्वंदिता की नहीं लोकतन्त्र पर कुठाराघात है। जनता के चुने हुए प्रतिनिधि ही जब सुरक्षित नहीं रहेंगे तो सोचिए आने वाले समय में प्रदेश की कानून व्यवस्था का क्या हाल होगा। इस घटना की जितनी निंदा की जाए उतनी कम है। पंजाबी समाज के सिरमौर तिलक राज बेहड़ पर हुआ हमला लोकतंत्र पर हमले के साथ-साथ पंजाबी समाज पर हमला है। जो पंजाबी समाज बर्दाश्त नहीं करेगा। हमारी सरकार से मांग है कि तुरंत दोषियों की गिरफ्तारी हो और वे लोग जो भी है वह सार्वजनिक रूप से तिलक राज बेहड़ से माफी मांगे।