शिक्षा विभाग की समीक्षा बैठक में जिलाधिकारी ने अहम निर्देश

रुद्रप्रयाग। जिलाधिकारी विशाल मिश्रा ने विकास भवन सभागार में शिक्षा विभाग की समीक्षा बैठक आयोजित कर विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं एवं कार्यक्रमों की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की। बैठक में उन्होंने विभागीय अधिकारियों से योजनाओं के क्रियान्वयन की जानकारी ली तथा शिक्षा विभाग के समक्ष आ रही समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की। बैठक के दौरान विद्यालयों में संचालित मध्याह्न भोजन के किचनों की स्थिति की भी समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने कहा कि जनपद के सभी विद्यालयों के किचनों को चरणबद्ध तरीके से बेहतर बनाया जाएगा। इसके लिए विभिन्न योजनाओं एवं सीएसआर फंड का भी उपयोग किया जाएगा, ताकि विद्यार्थियों को स्वच्छ एवं बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें। शिक्षा की गुणवत्ता पर विशेष जोर देते हुए जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि जिन विद्यालयों का परीक्षा परिणाम संतोषजनक नहीं रहा है, उनका विस्तृत शैक्षणिक परीक्षण कराया जाए। इसके लिए जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान डाइट को आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं. जिलाधिकारी विशाल मिश्रा ने कहा कि शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराने के लिए विद्यालयों में मूलभूत सुविधाओं का सुदृढ़ होना आवश्यक है। इसी उद्देश्य से विद्यालयों के किचनों का चरणबद्ध तरीके से उन्नयन किया जाएगा, जिसके लिए विभिन्न योजनाओं के साथ-साथ सीएसआर फंड का भी उपयोग किया जाएगा। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी राजेंद्र सिंह रावत, जिला विकास अधिकारी मनविंदर कौर, मुख्य शिक्षा अधिकारी अजय कुमार चौधरी, जिला कार्यक्रम अधिकारी अखिलेश मिश्रा, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सीमा टेकचंदानी सहित शिक्षा एवं अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।