पौड़ी। पौड़ी नगर के बहुप्रतीक्षित कंडोलिया इंडोर स्टेडियम के बैडमिंटन कोर्ट का शुभारंभ सोमवार को स्थानीय विधायक राजकुमार पोरी एवं जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने संयुक्त रूप से किया। आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित यह कोर्ट खेलप्रेमियों एवं युवा खिलाड़ियों को समर्पित किया गया।
शुभारंभ अवसर पर विधायक एवं जिलाधिकारी ने स्वयं बैडमिंटन खेलकर खेल गतिविधियों का औपचारिक शुभारंभ किया तथा खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। जिला खेल अधिकारी जयबीर रावत ने बताया कि जिलाधिकारी के निर्देशन में स्टेडियम में वुडन फ्लोर मैटिंग, पॉलिशिंग, वॉल पेंटिंग, विद्युत व्यवस्था सहित विभिन्न सौंदर्यीकरण एवं मरम्मत कार्य कराए गए हैं, जिससे खिलाड़ियों को बेहतर एवं सुरक्षित वातावरण उपलब्ध होगा।
विधायक राजकुमार पोरी ने जिलाधिकारी के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि जिला पुस्तकालय, जिला विज्ञान संग्रहालय सहित कई जनोपयोगी परियोजनाएं सफलतापूर्वक धरातल पर उतारी गई हैं। उन्होंने स्टेडियम के संरक्षण एवं रखरखाव में जनसहयोग की अपील की तथा बताया कि गत सप्ताह मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी द्वारा इसका लोकार्पण किया गया था।
जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने कहा कि खिलाड़ियों को पूर्व में आने वाली समस्याओं को ध्यान में रखते हुए आवश्यक सुधार कार्य कराए गए हैं। साथ ही बच्चों को गुणवत्तापूर्ण प्रशिक्षण उपलब्ध कराने के लिए बैडमिंटन कोच की नियुक्ति भी की गई है।
संवाद के दौरान खिलाड़ियों ने फेदर शटल की उपलब्धता एवं खेल छात्रावास की भोजन व्यवस्था से संबंधित सुझाव दिए, जिस पर जिलाधिकारी ने जिला खेल अधिकारी को आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। खिलाड़ियों के सुझाव नियमित रूप से प्राप्त करने हेतु स्टेडियम परिसर में फीडबैक बॉक्स स्थापित करने के निर्देश भी दिए गए।
कार्यक्रम में संयुक्त मजिस्ट्रेट गौरी प्रभात, डीएसटीओ राम सलोने, जिला पर्यटन विकास अधिकारी खुशाल सिंह नेगी, परियोजना प्रबंधक ग्रामोत्थान कुलदीप बिष्ट सहित खेल विभाग के अधिकारी, प्रशिक्षक, खिलाड़ी एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे। इंडोर स्टेडियम के शुभारंभ से क्षेत्र के युवा खिलाड़ियों में नया उत्साह देखने को मिला।