डीएचएस बैठक में जिलाधिकारी ने दिए आवश्यक निर्देश

रुद्रप्रयाग, 28 अप्रैल। जिलाधिकारी द्वारा जिला स्वास्थ्य समिति (डी0एच0एस0) की बैठक में राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के अंतर्गत संचालित विभिन्न स्वास्थ्य योजनाओं की समीक्षा की गई। साथ ही आगामी 07 मई को प्रस्तावित राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस (एन0डी0डी)के सफल आयोजन को लेकर भी चर्चा की गई। एनआईसी सभागार में आयोजित बैठक में जिलाधिकारी विशाल मिश्रा द्वारा स्वास्थ्य कार्यक्रमों के क्रियान्वयन को लेकर जरूरी निर्देश दिए गए। टीकाकरण कार्यक्रम की समीक्षा के दौरान एचपीवी टीकाकरण को लेकर उन्होंने शिक्षा, पंचायतीराज व बाल विकास विभाग के साथ समन्वय स्थापित कर टीकाकरण के महत्व को लेकर लाभार्थियों से संवाद स्थापित करने पर जोर दिया। इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डाॅ. राम प्रकाश ने मातृ व बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि संभावित प्रसव तिथि वाली गर्भवती महिलाओं की निरंतर निगरानी की जा रही है। साथ ही संस्थागत प्रसव सुनिश्चित कराने को लेकर स्वास्थ्य कर्मियों द्वारा घर-घर भ्रमण कर अभियान चलाया जा रहा है। राष्ट्रीय क्षय उन्मूलन कार्यक्रम की समीक्षा के दौरान टीबी मुक्त भारत अभियान के तहत दूरस्थ क्षेत्रों में टीबी स्क्रिीनिंग शिविर आयोजित करने के निर्देश दिए। पीसीपीएनडीटी कार्यक्रम की समीक्षा में जिलाधिकारी द्वारा समय-समय पर समस्त अल्ट्रासाउंड केंद्रों का निरीक्षण सुनिश्चित करने का निर्देश दिए गए। साथ ही जिला सलाहकार समिति में निष्क्रिय सदस्य को हटाकर नए सदस्य को नामित करने का निर्णय लिया गया। राष्ट्रीय किशोर स्वास्थ्य कार्यक्रम की समीक्षा में लक्ष्यों को ससमय पूर्ण करने पर जोर दिया गया। उक्त के अलावा बैठक में आगामी 07 मई को होने वाल राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस के सफल आयोजन हेतु जिलाधिकारी द्वारा स्वास्थ्य, शिक्षा, बाल विकास व उच्च एवं तकनीकी शिक्षा विभागों को आपसी समन्वय मजबूत बनाने के निर्देश दिए गए। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डाॅ. राम प्रकाश ने बताया कि 07 मई को जनपद में 1620 स्कूल, आंगनबाड़ी व अन्य शिक्षण संस्थानों में 01 से 19 आयु वर्ग के 57034 बच्चों को कृमिनाशक दवा ‘‘एल्वेंडाजॉल‘‘ खिलाई जाएगी। साथ ही कृमि मुक्ति दिवस पर किसी कारण दवा खाने से छूटे बच्चों को 14 मई को कृमि नाशक दवा खिलाई जाएगी। इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डाॅ. एसके द्विवेदी, अपर मुख्य चिकितसा अधिकारी डाॅ. सीमा टेकचंदानी, डीटीओ डाॅ. कुणाल चौधरी, एसपीओ रिचा कोठियाल, प्रभारी चिकित्सा अधिकारी ऊखीमठ डा0 गोपाल सजवाण, डाॅ. अक्षिता मंमगाईं, डाॅ. खुशपाल, बाल रोग विशेषज्ञ डाॅ. मोनिका, शिक्षा विभाग से कर्णजीत सिंह रौथाण, जिला कार्यक्रम प्रबंधक हिमांशु नौडियाल, काउंसलर आरकेएसके विपिन सेमवाल, डीपीसी एनटीईपी मुकेश बगवाड़ी, डीसी आईईसी हरेंद्र सिंह नेगी, डीसीएम आशा कार्यक्रम हेमलता आदि मौजूद रहे।