रुद्रप्रयाग, 28 अप्रैल। उत्तराखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, नैनीताल के कुशल निर्देशन एवं माननीया अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण/जिला न्यायाधीश, रुद्रप्रयाग के प्रभावी मार्गदर्शन में सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, रुद्रप्रयाग श्रीमती पायल सिंह की अध्यक्षता में ग्राम पंचायत बणसू, रुद्रप्रयाग में मानव तस्करी एवं बंधुवा मजदूरी विषय पर एक विधिक जागरूकता शिविर का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया। इस अवसर पर सचिव महोदया, श्रीमती पायल सिंह द्वारा अपने संबोधन में बताया गया कि मानव तस्करी एवं बंधुवा मजदूरी एक गंभीर सामाजिक एवं कानूनी अपराध है, जिसके विरुद्ध समाज के प्रत्येक व्यक्ति को सजग एवं जागरूक रहना आवश्यक है। उन्होंने उपस्थित ग्रामीणों को इन अपराधों की पहचान, बचाव के उपायों तथा संबंधित कानूनों के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी प्रदान की। साथ ही, यह भी बताया गया कि पीड़ित व्यक्तियों को जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के माध्यम से निःशुल्क विधिक सहायता उपलब्ध कराई जाती है। कार्यक्रम के दौरान पैरालीगल वॉलंटियर्स (PLVs) द्वारा मानव तस्करी विषय पर एक प्रभावशाली नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत किया गया, जिसमें वास्तविक जीवन से जुड़े उदाहरणों के माध्यम से मानव तस्करी के खतरों, उसके दुष्परिणामों एवं उससे बचाव के उपायों को सरल एवं सजीव तरीके से दर्शाया गया। इस प्रस्तुति ने उपस्थित जनसमुदाय को गहराई से प्रभावित किया तथा सभी ने इसकी सराहना की। साथ ही, विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं एवं जागरूकता कार्यक्रमों की जानकारी प्रदान की गई तथा आगामी 9 मई को आयोजित होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत के संबंध में भी विस्तृत जानकारी देते हुए अधिक से अधिक लोगों से इसका लाभ उठाने का आह्वान किया गया। कार्यक्रम में पीएलवी, स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं ग्रामवासियों के साथ-साथ राजकीय प्राथमिक विद्यालय, बणसू के शिक्षकगण, छात्र-छात्राएं एवं अन्य गणमान्य व्यक्तियों की सक्रिय उपस्थिति रही, जिन्होंने कार्यक्रम को सफल बनाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया।