देहरादून। इंदिरा मार्केट देहरादून के रि-डेवलपमेंट प्लान में तीसरे बेसमेंट की स्वीकृति (14 फीट वृद्धि) के विरुद्ध विभिन्न स्तरों पर आपत्ति भेजी गई हैं।
अनन्त आकाश सचिव भारत की कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी) व लेखराज, महामंत्री सेंटर ऑफ इंडियन ट्रेड यूनियन्स ने कहा कि आज इन्दिरा मार्केट रि- डैवलपमेंट प्लान के सन्दर्भ में सीपीएम व सीआईटीयू ने मुख्यमंत्री, मुख्यसचिव, आवास सचिव व महाप्रबन्धक सामाग को ज्ञापन प्रेषित किया। इंदिरा मार्केट के रि-डेवलपमेंट प्लान में प्रस्तावित संशोधन के सम्बन्ध में भारत की कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी) एवं सेंटर ऑफ इंडियन ट्रेड यूनियन्स की ओर से आपत्तियाँ दर्ज की गई हैं। रि-डेवलपमेंट प्लान में एमडीडीए द्वारा तीसरे बेसमेंट को स्वीकृति देकर उक्त निर्माणाधीन मार्केट की ऊँचाई लगभग 14 फीट बढ़ा दी गई है। यह संशोधन पूर्व -स्वीकृत योजना के विपरीत है तथा भवन नियमों का स्पष्ट उल्लंघन करता है।
बेसमेंट ऊँचाई में इस वृद्धि से मार्केट में आने-जाने में भारी असुविधा होगी। अत्यधिक ऊँचाई एवं बेसमेंट के कारण ग्राहक इस कॉम्प्लेक्स में आना पसंद नहीं करेंगे। परिणामस्वरूप, यह मार्केट एच.एन.बी. एमडीडीए शॉपिंग कॉम्प्लेक्स एवं राजीव कॉम्प्लेक्स की तरह सुनसान एवं असफल हो जाएगी, जिससे व्यापारियों को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ेगा।
इस संशोधन से पूर्व न तो एमडीडीए द्वारा और न ही सम्बन्धित सामक कम्पनी द्वारा हितधारकों, व्यवसायियों, दुकानदारों से कोई बातचीत या सहमति ली गई। यह एकपक्षीय निर्णय पारदर्शिता के विपरीत है तथा लोकतान्त्रिक प्रक्रिया का उल्लंघन है।
अतः हम प्राधिकरण से अनुरोध करते हैं कि,इस संशोधन पर तत्काल रोक लगाई जाए, 2015-16 की यथास्थिति पूर्व स्वीकृत योजना को बहाल करते हुए हितधारकों (व्यापारियों/दुकानदारों) के साथ वार्ता कर सर्वसम्मत योजना बनाई जाए।