शराब तस्करों के विरूद्ध दून पुलिस को मिली बडी सफलता

एस.के.एम. न्यूज़ सर्विस
देहरादून, 30 जनवरी। नशा तस्करों के विरूद्ध दून पुलिस कप्तान की सख्ती का एक फिर असर देखने को मिला। शराब तस्करों के विरूद्ध दून पुलिस को आज बडी सफलता मिली। पुलिस ने भारी मात्रा में अवैध शराब के साथ 03 शराब तस्करों को गिरफ्तार किया हैं। अभियुक्तों के कब्जे से 15 पेटी अंग्रेजी शराब व 128 पेटी देसी शराब (कुल 143 पेटी शराब) बरामद हुई हैं। पुलिस ने तस्करी मे प्रयुक्त लोडर वाहन को सीज कर दिया हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मुख्य मंत्री उत्तराखण्ड के “ड्रग्स फ्री देवभूमि” के विजन को साकार करने के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून अजय सिंह द्वारा सभी अधीनस्थों को अपने-अपने क्षेत्रों में अवैध शराब की तस्करी, बिक्री में लिप्त अभियुक्तों को चिन्हित करते हुए उनके विरूद्ध प्रभावी कार्यवाही किये जाने हेतु निर्देशित किया गया हैं। निर्देशों के अनुपालन में थाना डोईवाला पर गठित पुलिस टीम द्वारा आज चैकिंग के दौरान मुखबिर की सूचना पर चौकी क्षेत्र हर्रावाला से एक संदिग्ध लोडर संख्या: यूके-07-टीडी-0190 को रोक कर चैक किया गया तो लोडर वाहन में सवार 03 अभियुक्तो अनिकेत पुत्र विजय निवासी- 50 बी डांडीपुर मौहल्ला कोतवाली नगर देहरादून, मोनू कुमार पुत्र सत्य प्रकाश निवासी ग्राम बसेडा थाना नौगांसाबाद जनपद मुरादाबाद उत्तर प्रदेश व सौरभ जयसवाल पुत्र राजेन्द्र जयसवाल निवासी चन्द्रलोक कालोनी बेहट रोड कोतवाली देहात जिला सहारनपुर उत्तर प्रदेश हाल निवासी हर्रावाला देहरादून के कब्जे से 143 पेटी शराब (128 पेटी देसी शराब व 15 पेटी अग्रेजी शराब) बरामद हुई, मौके पर अभियुक्तो से शराब परिवहन करने संबंधी दस्तावेज मांगे गए परंतु वह दिखा नहीं पाए, जिस पर तीनों अभियुक्तो को मौके से गिरफ्तार किया गया। अभियुक्तों के विरूद्ध कोतवाली डोईवाला पर मुकदमा अपराध सख्या 26/2026 धारा 60/72 आबकारी अधिनियम का अभियोग पंजीकृत किया गया।