एस.के.एम. न्यूज़ सर्विस
चमोली, १६ दिसंबर। भगवान आदिबद्री धाम के कपाट आज वेद पाठियों एवं तीर्थ पुरोहितों द्वारा विधि-विधान से पूजा-अर्चना के पश्चात ठीक सायं 07:30 बजे भगवान आदिनारायण को धृत कंबल ओढ़ाकर एक माह के लिए बंद किए गए। कपाट बंद होने के इस पावन क्षण में मंदिर परिसर श्रद्धा, भक्ति और वैदिक मंत्रोच्चार से गूंज उठा। पंचबद्रियों में प्रथम स्थान रखने वाले श्री आदिबद्री धाम की यह विशेष महिमा है कि यहाँ 11 माह तक श्रद्धालु भगवान के दर्शन कर सकते हैं। केवल पौष मास में ही धाम के कपाट बंद रहते हैं, जिसके पश्चात माघ मास की मकर संक्रांति के शुभ अवसर पर महाभिषेक समारोह के साथ कपाट पुनः श्रद्धालुओं के दर्शन हेतु खोल दिए जाते हैं।