एस.के.एम. न्यूज़ सर्विस
देहरादून। आज सोमेश्वर विधानसभा क्षेत्र के स्याहीदेवी मंडल के अन्तर्गत बेह गागिल गांव में जन मिलन कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री श्रीमती रेखा आर्या ने भाग लिया। उन्होंने आम लोगों की समस्याओं और आकांक्षाओं को जाना। कार्यक्रम के दौरान जिन विकास कार्यों की मांग की गई उनके बारे में उन्होंने सभी को आश्वस्त किया कि यह सारे विकास कार्य प्रदेश सरकार कम से कम समय सीमा के अंदर पूरा कराएगी। इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या ने सिंचाई योजना के विस्तारण की मांग के बारे में विभाग के अधिकारियों से मौके पर फोन से बातचीत की और उपस्थित लोगों को जानकारी दी कि इसके लिए 90 लाख रुपए का एस्टीमेट बन कर तैयार हो चुका है और सरकार इस राशि को जल्द मंजूर कर देगी। एक समस्या गांव के प्राथमिक विद्यालय के भवन के जीर्ण-शीर्ण अवस्था में होने की भी सामने आई। इसके बारे में मौके पर ही शिक्षा विभाग के अधिकरियों से बातचीत कर कैबिनेट मंत्री ने उन्हें निर्देश दिये कि प्राथमिक स्कूल के बच्चों को नए भवन की व्यवस्था होने तक पास के इंटर कॉलेज में शिफ्ट कर दिया जाए। इसके अलावा गांव में आंगनबाड़ी केंद्र और मिनी स्टेडियम बनाने की मांग पर उन्होंने कहा कि गांव के सभी लोग आपस में विचार करके इसके लिए भूमि उपलब्ध कराएं तो सरकार से धन की स्वीकृति कराने की जिम्मेदारी मेरी होगी। कार्यक्रम में उन्होंने खनिया तोप और पिटोड़ा के बीच में सीसी मार्ग निर्माण के लिए विधायक निधि से ढाई लाख रुपए देने की घोषणा भी की। इस दौरान वीरेंद्र सिंह भाकुनी, सागर मेहता, पूरन सिंह, सुनील बिष्ट, पंकज और अजय मेहरा ने भारतीय जनता पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। कार्यक्रम में भाजपा जिला अध्यक्ष महेश नयाल, मंडल अध्यक्ष गणेश जलाल, जिला उपाध्यक्ष देवेंद्र नयाल, विधायक प्रतिनिधि भुवन जोशी, पूर्व जिला उपाध्यक्ष आनंद डंगवाल, ललित तिवारी, पान सिंह, हेम जोशी, अमित बिष्ट, नंदन सिंह राणा, महेंद्र सिंह, ग्राम प्रधान प्रदीप पालनी, सुनील बिष्ट, सुरेंद्र सिंह, पप्पू मेहरा, आनंद नेगी, राजेंद्र सिंह, वीरेंद्र सिंह आदि उपस्थित रहे।