देहरादून/चमोली, 30 अक्टूबर। भारतीय सेना की 11 गढ़वाल राइफल्स के वीर जवान नायक सूबेदार विश्वनाथ प्रताप सिंह गड़िया जी, निवासी ग्राम हरमल, जनपद चमोली (उत्तराखण्ड), जम्मू-कश्मीर के उरी सेक्टर में मातृभूमि की रक्षा करते हुए वीरगति को प्राप्त हो गए। देवभूमि के इस वीर सपूत का बलिदान सदैव राष्ट्र की स्मृतियों में अमर रहेगा। माँ भारती की सेवा में दिया गया उनका सर्वोच्च बलिदान आने वाली पीढ़ियों के लिए सदैव प्रेरणास्रोत रहेगा। चमोली पुलिस वीर जवान नायक सूबेदार विश्वनाथ प्रताप सिंह गड़िया जी की शहादत को कोटि-कोटि नमन करती है तथा उनके अदम्य साहस, वीरता और राष्ट्र के प्रति समर्पण को भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित करती है। इस दुःख की घड़ी में चमोली पुलिस शोकाकुल परिवार के साथ खड़ी है। ईश्वर दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें तथा परिजनों को इस अपार दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करें। वीर सपूत को चमोली पुलिस का शत्-शत् नमन!
वहीं उत्तराखंड विधानसभा अध्यक्ष श्रीमती ऋतु खंडूड़ी भूषण ने कहा की मातृभूमि की रक्षा करते हुए अपना सर्वोच्च बलिदान देने वाले भारतीय सेना की 11 गढ़वाल राइफल्स में तैनात चमोली जनपद के ग्राम हरमल निवासी वीर सपूत नायक सूबेदार विश्वनाथ प्रताप सिंह गड़िया जी के निधन का समाचार अत्यंत पीड़ादायक एवं हृदयविदारक है। देश की सीमाओं की सुरक्षा में उनका अदम्य साहस, समर्पण और राष्ट्र के प्रति उनकी निष्ठा सदैव हम सभी के लिए प्रेरणास्रोत रहेगी। उनका बलिदान राष्ट्र सदैव स्मरण रखेगा। ईश्वर दिवंगत पुण्यात्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें तथा शोकाकुल परिजनों को इस अपार दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करें।