पिथौरागढ़। जनसुनवाई दिवस के अंतर्गत आज जिलाधिकारी आशीष कुमार भटगांई ने जिला कार्यालय सभागार में आमजन की समस्याओं एवं शिकायतों को गंभीरता, संवेदनशीलता एवं प्राथमिकता के साथ सुना। जनसुनवाई में जिले के दूरस्थ ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों से पहुंचे नागरिकों ने सड़क, पेयजल, शिक्षा, विद्युत, राजस्व, वन, पेंशन, रोजगार, सुरक्षा तथा विभिन्न विकास कार्यों से संबंधित समस्याएं जिलाधिकारी के समक्ष रखीं। जनसुनवाई के दौरान लगभग 60 से अधिक प्रकरण प्राप्त हुए। जिलाधिकारी ने सभी शिकायतों को प्राथमिकता के आधार पर संबंधित विभागों को प्रेषित करते हुए समयबद्ध, पारदर्शी एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि जनता की समस्याओं का समाधान प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा किसी भी स्तर पर लापरवाही एवं शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जनसुनवाई में अनुसूचित जाति परिवारों के पारस्परिक मार्ग अवरुद्ध होने, पारिवारिक पेंशन स्वीकृति, ध्वनि प्रदूषण, तथा ग्रामीण मार्ग निर्माण संबंधी प्रकरण प्रमुखता से सामने आए। जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों को तत्काल आवश्यक कार्रवाई करने तथा प्रकरणों का स्थलीय परीक्षण कर प्रभावी समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।