संयुक्त तत्वावधान में किया स्कूल बसों का निरीक्षण

पौड़ी। परिवहन विभाग एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के संयुक्त तत्वावधान में स्कूल बसों का निरीक्षण किया गया। प्राधिकरण की सचिव एवं सिविल जज (सीनियर डिवीजन) नाज़िश कलीम की अध्यक्षता में यह कार्रवाई राज्यव्यापी एक सप्ताह के विशेष सघन निरीक्षण अभियान के तहत की गई। 16 से 22 नवंबर तक संचालित इस अभियान का उद्देश्य स्कूली बच्चों की सुरक्षित परिवहन व्यवस्था सुनिश्चित करना और सड़क सुरक्षा नियमों का पालन कराना है।
निरीक्षण के दौरान स्कूल बसों के पंजीकरण, फिटनेस, परमिट, बीमा, प्रदूषण नियंत्रण प्रमाण-पत्र और चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस सहित आवश्यक अभिलेखों की जांच की गई। साथ ही बसों की तकनीकी स्थिति, अग्निशमन यंत्र, प्राथमिक उपचार पेटिका, आपातकालीन निकास और अन्य सुरक्षा उपकरणों की उपलब्धता एवं कार्यशीलता भी परखी गई।
इस दौरान वाहन चालकों और विद्यालय प्रबंधन को मोटर वाहन अधिनियम, 1988 तथा केंद्रीय मोटर वाहन नियमावली, 1989 का अनिवार्य रूप से पालन करने के निर्देश दिए गए। बसों में निर्धारित क्षमता के अनुसार ही बच्चों को बैठाने, गति सीमा का पालन करने, ओवरस्पीडिंग और ओवरलोडिंग से बचने तथा वाहनों की फिटनेस एवं सुरक्षा उपकरण दुरुस्त रखने को कहा गया।
चालकों को यातायात संकेतों और सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करने, वाहन संचालन में सावधानी बरतने तथा बच्चों को बस में चढ़ाते और उतारते समय विशेष सतर्कता रखने के निर्देश दिए गए। विद्यालय प्रबंधन और चालकों को बच्चों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता रखने के प्रति जागरूक भी किया गया।
निरीक्षण अभियान में आरटीओ विमल पाण्डेय, एआरटीओ पौड़ी मंगल सिंह, आरआई विपिन रावत, चीफ लीगल एड डिफेंस काउंसिल कमल प्रसाद बमराड़ा और अधिकार मित्र विनीता चौधरी सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।