एस.के.एम. न्यूज़ सर्विस
देहरादून। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून प्रमेन्द्र डोभाल के नेतृत्व में अपराधियों पर दून पुलिस सख्त नजर आ रहीं हैं। गैंगस्टर एक्ट के वांछित अभियुक्त को दून पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया हैं। अभियुक्त अपने साथियों के साथ चोरी, नकबजनी व अन्य आपराधिक घटनाओं में लिप्त रहा है। अभियुक्त के विरूद्ध विभिन्न थानो मे चोरी व अन्य आपराधिक घटनाओं के आधा दर्जन से अधिक मुकदमे दर्ज है। अभियुक्त तथा उसके साथियों के लगातार आपराधिक घटनाओं में लिप्त रहने पर उनके विरुद्ध गैंगस्टर एक्ट में अभियोग पंजीकृत किया गया था।
आपराधिक घटनाओं में लिप्त अभियुक्तो के विरुद्ध प्रभावी कार्यवाही हेतु सम्पूर्ण राज्य में चलाये जा रहे “ऑपरेशन प्रहार” के अन्तर्गत वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून प्रमेन्द्र डोभाल द्वारा जनपद के समस्त थाना प्रभारियो को अपने-अपने थाना क्षेत्र में आपराधिक घटनाओं में लिप्त अभियुक्तो को चिन्हित करते हुए उनके विरुद्ध गुंडा तथा गैंगस्टर एक्ट के तहत प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए गए है। उक्त निर्देशों के क्रम मे प्रभारी निरीक्षक डोईवाला द्वारा चोरी, नकबजनी तथा अन्य आपराधिक घटनाओं में लिप्त अभियुक्त क्रान्तानाथ व उसके साथियों के विरुद्ध गैंगचार्ट तैयार करते हुए जिलाधिकारी देहरादून एवं उच्चाधिकारीगण से अनुमोदन प्राप्त करने के उपरान्त कोतवाली डोईवाला पर विगत 30 अक्टूबर को अभियुक्त, गैंगलीडर क्रान्तानाथ पुत्र मौसमनाथ निवासी सपेरा बस्ती घिस्सुपुरा थाना पथरी जनपद हरिद्वार व उसके 03 अन्य साथियों के विरूद्ध मुकदमा अपराध सख्या-336/2026 धारा 2/3 गैंगस्टर एक्ट पंजीकृत किया गया था, अभियोग पंजीकृत होने के बाद से ही सभी अभियुक्त अपनी गिरफ्तारी से बचने के लिए फरार चल रहे थे। जिनकी गिरफ्तारी हेतु वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून प्रमेन्द्र डोभाल के निर्देशों पर कोतवाली डोईवाला पर पुलिस टीम गठित की गयी। गठित पुलिस टीम द्वारा प्रभावी कार्यवाही व सुरागरसी करते हुए मुखबिर तन्त्र को सक्रिय किया गया, जिसके फलस्वरूप पुलिस टीम द्वारा गैंगलीडर/अभियुक्त क्रान्तानाथ पुत्र मौसमनाथ निवासी सपेरा बस्ती घिस्सुपुरा थाना पथरी जनपद हरिद्वार उम्र 27 वर्ष को कस्बा चौक डोईवाला से गिरफ्तार किया गया। अभियोग में नामजद अन्य अभियुक्तो की गिरफ्तारी के प्रयास किये जा रहे है।