एस.के.एम. न्यूज़ सर्विस
देहरादून। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून प्रमेंद्र डोबाल के नेतृत्व में अपराधियों पर दून पुलिस का एक और प्रहार देखने को मिला। पटेलनगर क्षेत्र में हुई स्नैचिंग की घटना का दून पुलिस ने खुलासा करते हुये घटना को अंजाम देने वाले पश्चिमी उ.प्र. के शातिर स्नैचर को गिरफ्तार कर अभियुक्त के कब्जे से घटना में छीना गया मोबाइल फोन व घटना में प्रयुक्त चोरी का वाहन बरामद कर लिया हैं। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार अभियुक्त नशे का आदी है, नशे की लत के चलते स्नेचिंग की घटना को अंजाम दिया था। घटना में प्रयुक्त वाहन को अभियुक्त द्वारा घटना से पूर्व सहारनपुर से चोरी किया था।
प्राप्त जानकारी के अनुसार विगत 26 अक्टूबर को मोनिका पुत्री मांगे राम निवासी चमनपुरी पटेल नगर के द्वारा कोतवाली पटेलनगर पर प्रार्थना पत्र दिया कि मोटरसाइकिल सवार अज्ञात व्यक्ति लालपुर चमनपुरी के पास उनके हाथ से मोबाइल फोन छीनकर भाग गया। प्राप्त तहरीर के आधार पर कोतवाली पटेल नगर पर मुकदमा अपराध सख्या 800/26 धारा 304(2) बीएनएस के तहत अभियोग पंजीकृत किया गया। सरेराह हुई स्नेचिंग की घटना की गंभीरता के दृष्टिगत वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून प्रमेंद्र डोबाल द्वारा उनके अनावरण तथा उसमे शामिल अभियुक्त की गिरफ्तारी के लिये तत्काल कोतवाली पटेल नगर पर पुलिस टीम का गठन करते हुए टीम को आवश्यक दिशा निर्देश दिए गए। उक्त निर्देशों के क्रम में गठित टीम द्वारा घटना स्थल का निरीक्षण कर आस-पास तथा आने जाने वाले रास्तो पर लगे सीसीटीवी कैमरों की सहायता से घटना में शामिल अभियुक्त के सम्बन्ध में आवश्यक जानकारियां एकत्रित की गई तथा प्राप्त जानकारी के आधार पर सुरागरसी-पतारसी करते हुए मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया गया। साथ ही पूर्व में स्नेचिंग/लूट की घटनाओ में प्रकाश में आये अभियुक्तों की अद्यतन स्थिति की जानकारी कर उनका भौतिक सत्यापन किया गया। पुलिस द्वारा की गई त्वरित कार्यवाही व अथक प्रयासों से पुलिस टीम द्वारा घटना का खुलासा करते हुए घटना को अंजाम देने वाले अभियुक्त समीर पुत्र अबरार निवासी शेखपुरा कदीम सहारनपुर उम्र 25 वर्ष को मुखबिर की सूचना पर पटेलनगर क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया, जिसके कब्जे से घटना में छीना गया मोबाइल तथा घटना में प्रयुक्त चोरी की मोटरसाइकिल बिना नंबर को बरामद किया गया। गिरफ्तार अभियुक्त सहारनपुर का रहने वाला है, जो अपने साथी से मिलने देहरादून आया था। अभियुक्त नशे का आदी है तथा अपने नशे की आवश्यकताओं की पूर्ति के लिए उसके द्वारा उक्त मोबाइल स्नेचिंग की घटना को अंजाम दिया गया था। अभियुक्त द्वारा घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल को कुछ दिन पूर्व सहारनपुर से चोरी किया था, जिसे लेकर वह देहरादून आया था तथा पटेल नगर क्षेत्र में मौका देखकर उसके द्वारा राह चलती युवती के हाथ से मोबाइल छीन लिया था, अभियुक्त घटना में छीने गए मोबाइल फोनों को बेचने की फिराक में थे, पर उससे पूर्व ही पुलिस द्वारा उसे गिरफ्तार कर लिया गया।