चम्पावत। जिला न्यायाधीश एवं अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, चम्पावत अनुज कुमार संगल के दिशा-निर्देशों के अनुपालन में सोमवार को जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, चम्पावत के तत्वावधान में राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, चमदेवल में अंतरराष्ट्रीय बालिका दिवस के अवसर पर विशेष विधिक साक्षरता एवं जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का संचालन जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, चम्पावत के सचिव श्री भवदीय रावत द्वारा किया गया। कार्यक्रम के दौरान जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव श्री भवदीय रावत ने उपस्थित बालिकाओं को संबोधित करते हुए कहा कि बालिकाओं को शिक्षित, जागरूक एवं आत्मनिर्भर बनाकर ही एक सशक्त और समतामूलक समाज का निर्माण किया जा सकता है। उन्होंने बालिकाओं को अपने अधिकारों के प्रति सजग रहने तथा शिक्षा के माध्यम से जीवन में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर बालिकाओं को शिक्षा का अधिकार अधिनियम, 2009, समानता के अधिकार, बाल विवाह निषेध, बाल श्रम, लैंगिक भेदभाव, बालिकाओं की सुरक्षा एवं सशक्तीकरण सहित विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर जानकारी प्रदान की गई। साथ ही बालिकाओं के विरुद्ध होने वाले अपराधों, उनसे बचाव के उपायों तथा आवश्यकता पड़ने पर संबंधित प्राधिकरणों से सहायता प्राप्त करने के संबंध में भी जागरूक किया गया। कार्यक्रम में तहसील लोहाघाट के पराविधिक स्वयंसेवकों (पीएलवी) द्वारा भी अपने स्तर से उपस्थित लोगों को विभिन्न विधिक प्रावधानों एवं अधिकारों के प्रति जागरूक किया गया। कार्यक्रम के अंत में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, चम्पावत की ओर से उपस्थित लोगों को जागरूकता संबंधी पंपलेट वितरित किए गए, ताकि विधिक जानकारी को अधिक से अधिक लोगों तक पहुँचाया जा सके। कार्यक्रम में विद्यालय के प्रधानाचार्य एवं अध्यापकगण, तहसील लोहाघाट के पीएलवी गण तथा बालिकाओ ने प्रतिभाग किया।