उत्तराखंड के जयप्रकाश राही अखिल भारतीय महा परिषद की राष्ट्रीय कार्यकारिणी में शामिल

संदीप गोयल \एस.के.एम. न्यूज़ सर्विस
देहरादून। अखिल भारतीय स्वतंत्रता सेनानी एवं शहीद परिवार कल्याण महा परिषद द्वारा राष्ट्रीय स्तर पर संगठन विस्तार अभियान को निरंतर गति दी जा रही है। इसी क्रम में उत्तराखंड के स्वतंत्रता सेनानी परिवार से जुड़े, सामाजिक सरोकारों के प्रति समर्पित एवं जुझारू व्यक्तित्व के धनी जय प्रकाश राही को महा परिषद की राष्ट्रीय कार्यकारिणी में शामिल किया गया है। यह निर्णय महा परिषद के राष्ट्रीय अध्यक्ष, महान स्वतंत्रता सेनानी एवं भारत सरकार की एमिनेंट कमेटी के पूर्व सदस्य 102 वर्षीय प्रहलाद प्रजापति के निर्देश पर लिया गया। नियुक्ति की जानकारी देते हुए महा परिषद के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष अवधेश पन्त ने जयप्रकाश राही को बधाई एवं शुभकामनाएँ दीं। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि श्री राही राष्ट्रीय कार्यकारिणी में अपनी महत्वपूर्ण जिम्मेदारी का निष्ठापूर्वक निर्वहन करते हुए स्वतंत्रता सेनानी एवं शहीद परिवारों को संगठित करने तथा उनके सम्मान, अधिकारों और अस्तित्व की रक्षा के लिए प्रभावी भूमिका निभाएँगे। श्री पन्त ने कहा कि देश की आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले महान स्वतंत्रता सेनानियों और शहीदों के परिवारों का सम्मान करना प्रत्येक देशवासी का नैतिक दायित्व है। इन परिवारों की समस्याओं के समाधान, उनके अधिकारों की सुरक्षा और उनकी गौरवशाली विरासत को अगली पीढ़ियों तक पहुँचाने के लिए राष्ट्रीय स्तर पर एकजुट प्रयास आवश्यक हैं। उन्होंने आशा व्यक्त की कि जयप्रकाश राही के संगठन से जुड़ने से उत्तराखंड में महा परिषद की गतिविधियों को नई मजबूती मिलेगी और स्वतंत्रता सेनानी एवं शहीद परिवारों को एक सशक्त राष्ट्रीय मंच प्रदान करने के अभियान को गति मिलेगी। उन्होंने कहा कि संगठन देशहित को सर्वोपरि रखते हुए स्वतंत्रता आंदोलन के मूल्यों, बलिदान और राष्ट्रसेवा की भावना को जन-जन तक पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है।