देहरादून। सेवा सप्ताह अभियान के तहत यूनाइटेड इंडिया इंश्योरेंस कंपनी लिमिटेड देहरादून व्यवसाय कार्यालय की ओर से राजकीय प्राथमिक विद्यालय, खुड़बुड़ा मोहल्ला में स्वच्छता अभियान एवं निवारक सतर्कता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में यूनाइटेड इंडिया इंश्योरेंस कंपनी लिमिटेड के अधिकारियों रोहित नौटियाल एवं जितेंद्र सिंह ने छात्र-छात्राओं से संवाद करते हुए स्वच्छता, साफ-सफाई, स्वस्थ जीवनशैली, ईमानदारी, पारदर्शिता एवं निवारक सतर्कता के महत्व की जानकारी दी।
उन्होंने विद्यार्थियों को अपने दैनिक जीवन में स्वच्छता एवं अनुशासन अपनाने के साथ-साथ नैतिक मूल्यों और ईमानदारी के प्रति जागरूक रहने के लिए प्रेरित किया। इस दौरान छात्र-छात्राओं ने स्वच्छता एवं सतर्कता विषय पर आयोजित प्रश्नोत्तरी और विभिन्न संवादात्मक गतिविधियों में उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में स्वच्छ एवं स्वस्थ आदतों का विकास करने के साथ उन्हें सामाजिक जिम्मेदारियों के प्रति जागरूक करना रहा। कार्यक्रम संयोजक राजकुमार तिवारी ने कार्यक्रम के सफल आयोजन में सहयोग के लिए विद्यालय के समस्त स्टाफ एवं यूनाइटेड इंडिया इंश्योरेंस कंपनी के अधिकारियों का आभार व्यक्त किया।कार्यक्रम में रविंदर कुमार, अविरल भंडारी, अशोक गुसाईं एवं आस्था श्रोत्रिय ने भी सक्रिय सहभागिता की। यूनाइटेड इंडिया इंश्योरेंस कंपनी लिमिटेड की ओर से कहा गया कि कंपनी स्वच्छता, स्वास्थ्य, ईमानदारी, पारदर्शिता, सतर्कता एवं सामाजिक उत्तरदायित्व से जुड़ी गतिविधियों में निरंतर सक्रिय रूप से सहभागिता करती रहेगी।