पौड़ी। सेवा संकल्प अभियान के तहत जनपद की विभिन्न ग्राम पंचायतों में सूचना विभाग के पंजीकृत सांस्कृतिक दलों द्वारा लोकगीत एवं गीत-नाट्य के माध्यम से जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। स्थानीय भाषा और लोक संस्कृति से जुड़ी प्रस्तुतियों के माध्यम से ग्रामीणों को केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं के उद्देश्य, पात्रता एवं लाभों की जानकारी सहज एवं रोचक तरीके से दी जा रही है तथा प्रचार सामग्री भी वितरित की जा रही है।
इसी क्रम में पराज सांस्कृतिक संस्था के कलाकारों ने विधानसभा चौबट्टाखाल के गडरी गांव सहित विभिन्न ग्राम पंचायतों में सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। कलाकारों ने ग्रामीणों को सरकारी सुविधाओं की जानकारी लेने और पात्रता के अनुसार योजनाओं का लाभ उठाने के लिए जागरूक किया। दल प्रमुख प्रेम वल्लभ पंत ने बताया कि सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत पूरे माह विभिन्न ग्रामीण क्षेत्रों में सांस्कृतिक दलों के माध्यम से कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इनका उद्देश्य सरकारी योजनाओं की जानकारी अंतिम छोर तक पहुंचाने के साथ पात्र लोगों को योजनाओं से जोड़ना है। उन्होंने कहा कि लोक कला एवं गीत-नाट्य के माध्यम से दी गई जानकारी ग्रामीणों तक प्रभावी ढंग से पहुंचती है, इसलिए ग्राम पंचायत स्तर तक सांस्कृतिक दलों को जोड़ा गया है। कार्यक्रम में कुलदीप कुमार, धन सिंह रावत, दीपक खंतवाल, सोनम डोभाल, काव्यांजलि ध्यानी सहित ग्रामीण एवं संबंधित लोग उपस्थित रहे।