पौड़ी। जनसमस्याओं के त्वरित एवं प्रभावी समाधान के उद्देश्य से कलेक्ट्रेट सभागार में अपर जिलाधिकारी एफ.आर. चौहान की अध्यक्षता में जनता दर्शन आयोजित किया गया। विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे लोगों ने सड़क, प्रधानमंत्री आवास योजना, आपदा सहित अन्य मामलों से संबंधित 10 शिकायतें दर्ज कराईं। अपर जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को शिकायतों का गंभीरता से परीक्षण कर नियमानुसार एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने तथा पूर्व में प्राप्त शिकायतों की प्रगति की समीक्षा कर लंबित मामलों के शीघ्र समाधान के निर्देश दिए।
कोटद्वार रोड निवासी पार्वती देवी ने निजी भूमि पर विद्युत विभाग द्वारा ट्रांसफार्मर स्थापित करने तथा जल संस्थान द्वारा पानी का टैंक बनाए जाने के बावजूद मुआवजा न मिलने की शिकायत की। अपर जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को जांच कर नियमानुसार मुआवजा भुगतान की कार्रवाई के निर्देश दिए। डंडापानी निवासी फतेह सिंह ने रोडसाइड एक्ट के तहत अनापत्ति प्रमाण पत्र जारी करने की शिकायत की, जिस पर संबंधित सड़क निर्माण विभाग को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए। कलजीखाल के बैर गांव निवासी अनिल सिंह ने पिपला-टेका मोटरमार्ग निर्माण में गुणवत्ता की अनदेखी की शिकायत की, जिस पर पीएमजीएसवाई सतपुली को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए। जनता मिलन कार्यक्रम में पूर्व में प्राप्त शिकायतों का भी समयबद्ध निस्तारण किया गया। तहसील पौड़ी के जसकोट निवासी मनमोहन सिंह की गुडड़ी-सिंडी-जसकोट मोटरमार्ग पर गड्ढों के संबंध में शिकायत पर लोक निर्माण विभाग द्वारा जेसीबी से गड्ढा भरान कर मार्ग को गड्ढामुक्त किया गया। कुखड़ गांव निवासी सुरेंद्र सिंह की प्रधानमंत्री किसान निधि संबंधी शिकायत पर कृषि विभाग द्वारा आवेदन भरवाकर योजना का लाभ दिलाने की कार्रवाई की गई। विकासखंड पाबौ के ग्राम कोला निवासी बीना देवी की गांव के रास्तों पर झाड़ियों के कारण आवागमन में हो रही कठिनाई संबंधी शिकायत पर झाड़ी कटान कर मार्ग सुगम बनाया गया। अपर जिलाधिकारी ने जनता दर्शन, जनता मिलन, मुख्यमंत्री हेल्पलाइन एवं विभागीय स्तर पर प्राप्त शिकायतों का प्राथमिकता से समयबद्ध एवं प्रभावी निस्तारण करने तथा शिकायतकर्ताओं को की गई कार्रवाई की जानकारी देने के निर्देश दिए। इस अवसर पर संयुक्त मजिस्ट्रेट गौरी प्रभात, सीएमओ डॉ. मेघना असवाल, पुलिस उपाधीक्षक तपेश कुमार चंद, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. विशाल शर्मा सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।