देहरादून 27 सितम्बर। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून प्रमेंद्र डोबाल के नेतृत्व में अपराधियों पर दून पुलिस ने एक और प्रहार करते हुये पटेल नगर क्षेत्र में हुई पर्स स्नैचिंग, लूट की 02 अलग अलग घटनाओं का 24 घंटे के अन्दर खुलासा करते हुये घटनाओं को अंजाम देने वाले 01 अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया हैं।
अभियुक्त के कब्जे से घटना में छीना, लूटा गया मोबाइल फोन, पर्स, नगदी व घटना में प्रयुक्त वाहन बरामद हुआ हैं। गिरफ्तार अभियुक्त नशे का आदि हैं, नशे की लत के चलते स्नेचिंग/लूट की घटना को अंजाम दिया था। अभियुक्त पूर्व में भी चोरी की घटना में जेल जा चुका है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार विगत 26 सितम्बर को आशीष कुमार पुत्र दिलबर निवासी कैलाशपुर तथा अनुपम वर्मा पत्नी कपिल कुमार निवासी पटेल नगर के द्वारा कोतवाली पटेल नगर पर अलग अलग प्रार्थना पत्र दिये कि सांय एक अज्ञात स्कूटी चालक द्वारा कैलाशपुर तथा गंगा विहार से पैदल-पैदल अपने घर की ओर जा रही दो अलग-अलग महिलाओं से, मोबाइल फोन व पर्स छीनकर भाग गया। प्राप्त तहरीर के आधार पर कोतवाली पटेल नगर पर मुकदमा अपराध सख्या 680/26 धारा 309 (6) बीएनएस तथा मुकदमा अपराध सख्या 681/26. धारा 304 (2) बीएनएस के तहत अभियोग पंजीकृत किया गया। सरेराह हुई स्नेचिंग की 02 घटनाओं की गंभीरता के दृष्टिगत वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून प्रमेंद्र डोबाल द्वारा उनके अनावरण तथा उसमे शामिल अभियुक्तों की गिरफ्तारी हेतु तत्काल कोतवाली पटेल नगर पर पुलिस टीमों का गठन करते हुए टीम को आवश्यक दिशा निर्देश दिए गए। उक्त निर्देशों के क्रम में गठित टीम द्वारा दोनों घटना स्थलों का निरीक्षण कर आस-पास तथा आने जाने वाले रास्तो पर लगे सीसीटीवी कैमरों की सहायता से घटना में शामिल अभियुक्तों के सम्बन्ध में आवश्यक जानकारियां एकत्रित की गई तथा प्राप्त जानकारी के आधार पर सुरागरसी-पतारसी करते हुए मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया गया। साथ ही पूर्व में स्नेचिंग/लूट की घटनाओ में प्रकाश में आये अभियुक्तों की अद्यतन स्थिति की जानकारी कर उनका भौतिक सत्यापन किया गया। पुलिस द्वारा की गई त्वरित कार्यवाही व अथक प्रयासों से मात्र 24 घंटे अंदर पुलिस टीम द्वारा दोनों घटनाओं का खुलासा करते हुए घटनाओ को अंजाम देने वाले अभियुक्त अमन सती पुत्र दिनेश सती निवासी हरभजवाला थाना पटेल नगर उम्र 25 वर्ष को आज मुखबिर की सूचना पर पटेलनगर क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया, जिसके कब्जे से उक्त दोनों घटनाओं से संबंधित माल, छीने गये 02 मोबाइल फोन, नगदी, पर्स, अन्य दस्तावेज व घटनाओ में प्रयुक्त स्कूटी संख्या: यूके 07एचएच-7043 को बरामद किया गया। पूछताछ में अभियुक्त द्वारा बताया गया कि वह हरभजवाला, पटेल नगर का रहने वाला हैं तथा नशे के आदि है, अपने नशे की आवश्यकताओं की पूर्ति के लिए उसके द्वारा अलग अलग स्थानों पर राह चलती महिलाओं से मोबाइल फ़ोन व पर्स छीनने की घटना को अंजाम दिया था। अभियुक्त घटना में छीने गए मोबाइल फोनों को बेचने की फिराक में थे, पर उससे पूर्व ही पुलिस द्वारा उसे गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तार अभियुक्त पूर्व में भी चोरी की घटना में जेल जा चुका है, अभियुक्त के आपराधिक इतिहास की जानकारी की जा रही है।