महानिदेशक ने की विभागीय कार्यों की समीक्षा

देहरादून। आज कृषि निदेशालय, उत्तराखंड, देहरादून में महानिदेशक कृषि एवं उद्यान डॉ. आनंद श्रीवास्तव द्वारा विभागीय कार्यों की समीक्षा की गई।
इस अवसर पर आयोजित समीक्षा बैठक में विभिन्न कृषि योजनाओं एवं कार्यक्रमों की प्रगति, किसानों को उपलब्ध कराई जा रही सेवाओं तथा विभागीय कार्यों की गुणवत्ता एवं प्रभावशीलता पर विस्तृत चर्चा की गई। महानिदेशक ने किसान-केंद्रित सेवाओं, योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन एवं समयबद्ध लक्ष्यपूर्ति पर विशेष जोर दिया। समीक्षा बैठक के उपरांत महानिदेशक द्वारा कृषि निदेशालय के विभिन्न अनुभागों एवं महत्वपूर्ण इकाइयों का स्थलीय निरीक्षण किया गया। उन्होंने विशेष रूप से किसान हेल्पलाइन सेंटर, कृषि प्रयोगशाला एवं कार्यालय की विभिन्न व्यवस्थाओं का निरीक्षण कर कार्यप्रणाली की जानकारी प्राप्त की तथा आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए। महानिदेशक महोदय ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को पारदर्शिता, जवाबदेही, त्वरित सेवा वितरण तथा किसानों की समस्याओं के प्रभावी समाधान के लिए निरंतर प्रयास करने हेतु प्रेरित किया।