एक दिवसीय उद्यमिता प्रशिक्षण कार्यशाला आयोजित

पौड़ी। जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया के निर्देशन में जिला उद्योग केंद्र, कोटद्वार द्वारा सोमवार को महायोगी गुरु गोरखनाथ राजकीय महाविद्यालय, बिथ्याणी में एक दिवसीय उद्यमिता प्रशिक्षण कार्यशाला आयोजित की गई। कार्यशाला का उद्देश्य विद्यार्थियों को स्वरोजगार, उद्यमिता एवं सरकारी योजनाओं की जानकारी देकर आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित करना रहा। पूर्व बैठक में जिलाधिकारी ने विद्यार्थियों के लिए प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित करने के निर्देश दिए थे। इसी क्रम में जिला उद्योग केंद्र के सहायक प्रबंधक विनय कुमार, अंकित सिंह एवं आकांक्षा गुसाईं ने विद्यार्थियों को उद्यम स्थापना की प्रक्रिया, आवश्यक कौशल, स्वरोजगार की संभावनाओं, पंजीकरण, वित्तीय सहायता, ऋण एवं सरकारी अनुदान की जानकारी दी। विद्यार्थियों को प्रशिक्षण की जानकारी का उपयोग भविष्य निर्माण एवं आत्मनिर्भर बनने के लिए करने को प्रेरित किया गया। महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. योगेश कुमार शर्मा ने कहा कि युवाओं को रोजगार प्राप्त करने के साथ रोजगार सृजन की दिशा में भी आगे बढ़ना चाहिए। कार्यशालाएं उद्यमशीलता विकसित करने के साथ व्यावहारिक मार्गदर्शन देती हैं। कार्यशाला में डॉ. नीरज नौटियाल, डॉ. हिमानी बड़ोनी, आशुतोष जगूड़ी, शैलेंद्र बिष्ट सहित महाविद्यालय के शिक्षक-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।