आस्था के केंद्रों पर उमड़ा जनसैलाब

एस.के.एम. न्यूज़ सर्विस
पौड़ी। नीलकंठ महादेव एवं सिद्धबली धाम में सुरक्षा, यातायात और भीड़ प्रबंधन के विशेष इंतजाम; श्रद्धालुओं को मिल रहा सुरक्षित एवं व्यवस्थित दर्शन का लाभ। श्री नीलकंठ महादेव मंदिर एवं श्री सिद्धबली धाम, कोटद्वार में इन दिनों बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन हेतु पहुंच रहे हैं। श्रद्धालुओं की लगातार बढ़ती भीड़ के बावजूद पौड़ी पुलिस द्वारा किए गए व्यापक सुरक्षा, भीड़ नियंत्रण एवं यातायात प्रबंधन के प्रभावी इंतजामों के चलते दर्शन व्यवस्था सुचारु एवं व्यवस्थित रूप से संचालित हो रही है। दोनों धार्मिक स्थलों पर पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई है। पुलिस कर्मी श्रद्धालुओं को कतारबद्ध एवं सुरक्षित ढंग से दर्शन कराने के साथ-साथ भीड़ प्रबंधन, यातायात संचालन एवं सुरक्षा व्यवस्था पर लगातार निगरानी बनाए हुए हैं। संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त सतर्कता बरती जा रही है, जिससे श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। श्रद्धालुओं की सुविधा को प्राथमिकता देते हुए पार्किंग व्यवस्था को सुव्यवस्थित बनाया गया है तथा यातायात को सुचारु रखने के लिए आवश्यक डायवर्जन एवं नियंत्रण व्यवस्था लागू की गई है। इसके अतिरिक्त पुलिस कर्मियों द्वारा श्रद्धालुओं को मार्गदर्शन एवं आवश्यक सहायता भी उपलब्ध कराई जा रही है।