पौड़ी। पौड़ी जिले में फसलों की औसत उपज के सटीक आंकड़े जुटाने हेतु चल रहे क्रॉप कटिंग प्रयोगों का मुख्य विकास अधिकारी गिरीश गुणवंत ने निरीक्षण किया। उन्होंने तहसील पौड़ी के ग्राम बौंसरी में गेहूं की फसल पर किए जा रहे प्रयोग का जायजा लिया। कृषक हमिल सिंह के खेत में 30 वर्ग मीटर प्लॉट बनाकर सीसीई एग्री ऐप के माध्यम से क्रॉप कटिंग की गई, जिसमें 4 किलो 600 ग्राम गेहूं की पैदावार दर्ज हुई। उन्होंने संबंधित अभिलेखों की जांच कर बीज की जानकारी ली। उन्होंने बताया कि इन प्रयोगों के आधार पर ही फसलों की औसत उपज, उत्पादन, मुआवजा और फसल बीमा तय होता है, इसलिए पारदर्शिता जरूरी है। साथ ही किसानों को सब्जी उत्पादन व पॉलीहाउस योजनाओं का लाभ देने के निर्देश भी दिए। इस अवसर पर ग्राम प्रधान दिगंबर सिंह, राजेश शर्मा, अरुण कुमार, कुलदीप सिंह सहित अन्य किसान मौजूद रहे।