देहरादून। उत्तराखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण नैनीताल एवं जिला न्यायाधीश/अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण देहरादून प्रेम सिंह खिमाल के निर्देशानुसार आज सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण देहरादून श्रीमती सीमा डुँगराकोटी द्वारा जिला कारागार देहरादून का औचक निरीक्षण किया गया। 18 से 21 किशोर बैरक का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण में नए किशोर बंदियों से मुलाकात की गई। साथ ही सभी किशोर बंदियों से उनके उम्र के बारे में पूछताछ की गई। उन्हें जिला कारागार से मिलने वाले विभिन्न प्रशिक्षण का लाभ लेने और दुबारा अपराध न करने के लिए प्रेरित किया गया। पुरुष बैरक के निरीक्षण में बंदियों को जिला विधिक सेवा प्राधिकरण से मिलने वाले निःशुल्क अधिवक्ताओं व अन्य सहायताओं के विषय में जानकारी दी गई। आज के निरीक्षण में विश्व स्वास्थ्य दिवस पर सभी बंदियों को जागरूक किया गया। उन्हें आज के दिन के महत्व के बारे में जानकारी देते हुए बताया गया कि विश्व स्वास्थ्य दिवस का उद्देश्य वैश्विक स्वास्थ्य जागरूकता बढ़ाना और शारीरिक-मानसिक स्वास्थ्य के प्रति लोगों को सचेत करना है। वर्ष 2026 की थीम “स्वास्थ्य के लिए एकजुट” है। बंदियों को जेल में रहकर अपने स्वास्थ्य पर ध्यान देने के लिए योग और व्यायाम करने के लिए प्रोत्साहित किया गया। इसके उपरांत जेल लीगल एड क्लीनिक के निरीक्षण में जेल प्राविधिक कार्यकर्ताओं से मुलाकात कर उन्हें आवश्यक दिशा निर्देश दिए गए।