सरस आजीविका मेला-2026 : सांस्कृतिक संध्या का आयोजन

एस.के.एम. न्यूज़ सर्विस
उधम सिंह नगर। यू.एस. कार्निवाल अंतर्गत आयोजित सरस आजीविका मेला-2026 के आठवें दिवस पर सांस्कृतिक संध्या का भव्य आयोजन किया गया, जिसमें देश की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत की अद्भुत झलक देखने को मिली। कार्यक्रम के मुख्य आकर्षण के रूप में दिल्ली के प्रसिद्ध श्रीराम भारतीय कला केंद्र के कलाकारों द्वारा रामायण पर आधारित मंत्रमुग्ध कर देने वाली नृत्य-नाटिका की मनोहारी प्रस्तुति दी गई। इस प्रस्तुति ने उपस्थित जनसमूह को भारतीय सनातन परंपरा, आदर्शों एवं सांस्कृतिक मूल्यों से रूबरू कराते हुए पूरे वातावरण को भक्तिमय और आध्यात्मिक बना दिया। सरस आजीविका मेला-2026 निरंतर ग्रामीण उत्पादों, स्वयं सहायता समूहों एवं स्वरोज़गार को प्रोत्साहित करने के साथ-साथ सांस्कृतिक एकता, सामाजिक सहभागिता एवं पारंपरिक मूल्यों के संरक्षण का सशक्त माध्यम बनता जा रहा है। यह मेला समाज के विभिन्न वर्गों को एक मंच पर लाकर न केवल स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा दे रहा है, बल्कि सांस्कृतिक संवाद एवं मनोरंजन के माध्यम से सामाजिक समरसता को भी सुदृढ़ कर रहा है। आठवें दिवस की यह सांस्कृतिक संध्या मेले की सफलता में एक और स्वर्णिम अध्याय जोड़ते हुए उपस्थित जनसमूह के लिए अत्यंत यादगार सिद्ध हुई।