पौड़ी गढ़वाल। पौड़ी जनपद के दूरस्थ क्षेत्र बीरोंखाल भ्रमण के दौरान जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने तहसील प्रशासन की कार्यप्रणाली की समीक्षा के साथ ही क्षेत्र की महत्वपूर्ण बेदीखाल पंपिंग पेयजल योजना का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने पंपिंग हाउस, मोटर क्षमता, हेड प्रेशर, डिस्चार्ज क्षमता, पाइपलाइन नेटवर्क, जल आपूर्ति अवधि, दबाव संतुलन तथा विद्युत उपलब्धता की जानकारी ली। ऑपरेटर से दैनिक संचालन, मेंटेनेंस, संभावित ब्रेकडाउन एवं बैकअप व्यवस्था पर फीडबैक प्राप्त किया गया। साथ ही फिल्ट्रेशन यूनिट, क्लोरीनेशन प्रक्रिया एवं जल गुणवत्ता मानकों के अनुरूप क्वालिटी व फिल्ट्रेशन टेस्ट कराने के निर्देश दिए गए। अधिशासी अभियंता जल निगम नवनीत कटारिया ने बताया कि जल नमूनों को भौतिक, रासायनिक एवं जीवाणु परीक्षण हेतु सतपुली प्रयोगशाला भेजा जाएगा। जिलाधिकारी ने योजना को 31 जनवरी तक टेस्टिंग फेज पूर्ण करने, प्रेशर व डिस्चार्ज की नियमित मॉनिटरिंग करने तथा उपजिलाधिकारी को जल निगम के साथ संयुक्त तकनीकी निरीक्षण करने के निर्देश दिए। योजना के पूर्ण क्रियान्वयन से 37 राजस्व गांवों को सुरक्षित व निर्बाध पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित होगी। इसके उपरांत जिलाधिकारी ने तहसील मुख्यालय स्यूंसी पहुंचकर उपजिलाधिकारी, तहसीलदार एवं राजस्व उपनिरीक्षकों के साथ समीक्षा बैठक कर तहसील का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को नियमित गांव भ्रमण, आपदा क्षति का समयबद्ध आकलन, दाखिल-खारिज का शीघ्र निस्तारण, प्रमाण पत्रों को ऑनलाइन जारी करने एवं ई-ऑफिस प्रणाली के प्रभावी उपयोग के निर्देश दिए। जिन अधिकारियों की ई-ऑफिस आईडी नहीं है, उन्हें एक सप्ताह में आईडी बनाने को कहा गया। उन्होंने पटवारी चौकियों व गांव भ्रमण की तिथियां सार्वजनिक रूप से चस्पा करने, मरम्मत योग्य चौकियों को चिन्हित कर प्रस्ताव भेजने, राजस्व पोर्टलों को अद्यतन रखने तथा निर्वाचन विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यों में सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री घोषणाओं, सीएम हेल्पलाइन, किसान सम्मान निधि, अतिक्रमण, आपदा क्षति एवं अवैध खनन मामलों की समीक्षा करते हुए सरकारी भूमि पर अतिक्रमण पर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए। साथ ही जन–जन की सरकार, जन–जन के द्वार कार्यक्रमों को जन समर्पण पोर्टल पर अपलोड करने तथा जंगली जानवरों की सक्रियता को लेकर आवश्यक समन्वय करने के निर्देश दिए। इस अवसर पर उपजिलाधिकारी थलीसैंण कृष्णा त्रिपाठी, तहसीलदार शंकर सिंह बंग्याल सहित संबंधित अधिकारी एवं राजस्व उपनिरीक्षक उपस्थित रहे।