एस.के.एम. न्यूज़ सर्विस
देहरादून। उत्तराखंड सरकार में महिला एवं बाल विकास, खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले, खेल एवं युवा कल्याण मंत्री रेखा आर्या ने आज संस्कृति विभाग के सभागार में आयोजित “द मोंटेसरी स्कूल के वार्षिकोत्सव” में मुख्य अतिथि के रूप में हिस्सा लिया। कार्यक्रम में स्कूल के नन्हे-मुन्ने बच्चों ने नृत्य नाटिका, ऑडियो-विजुअल स्टोरी टेलिंग के जरिए मां गंगा के पृथ्वी अवतरण की पौराणिक कथा, भारतीय जीवन मूल्यों में गंगा की महत्ता और औद्योगीकरण से प्रदूषित गंगा की सजीव झांकियां प्रस्तुत कीं। बच्चों की प्रस्तुति इतनी जीवंत और प्रेरणादायक थी कि मन मोह लिया। इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या ने कहा कि गंगा की पवित्रता को बचाना सबकी जिम्मेदारी हैI विकास के साथ-साथ पर्यावरण व नदियों के संरक्षण का संकल्प लेना होगा। बच्चों को अपनी परंपरा, समाज, पर्यावरण और इतिहास से जोड़ना ही सच्ची संस्कारयुक्त शिक्षा है। इस अवसर पर विजय खन्ना (स्कूल चेयरमैन), समर्थ खन्ना (निदेशक), श्रीमती सुरेखा डंगवाल (दून विश्वविद्यालय कुलपति), डॉ, सिद्धांत खन्ना, सुरेंद्र मित्तल, विनोद कपणवान आदि गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।