भाईचारे को मज़बूत करने का पर्व दीपावली : करन

एस.के.एम. न्यूज़ सर्विस
देहरादून, 18 अक्टूबर। उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा ने आज अपनी विधानसभा रानीखेत के मुख्य बाजार क्षेत्र में स्थानीय व्यापारियों और दुकानदारो से मुलाकात कर दिवाली की शुभकामनाएं दी। इस अवसर पर उन्होंने कहा की दीपावली का यह पावन पर्व सिर्फ रोशनी और उत्सव का नहीं, बल्कि आपसी सद्भाव, विश्वास और भाईचारे को मज़बूत करने का पर्व है। व्यापार हमारे समाज की रीढ़ है। हर दुकानदार और व्यापारी अपने परिश्रम से न सिर्फ अपनी आजीविका चलाता है, बल्कि स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी गति देता है। मुलाकात के दौरान उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा से स्थानीय व्यापारियों और दुकानदारो ने क्षेत्र की समस्याओं और सुझावों को साझा किया। करन माहरा ने कहा की समस्याओं और सुझावों पर गंभीरता से विचार किया जाएगा। जनता की सहभागिता ही विकास का असली आधार है। उन्होंने सभी व्यापारियों, ग्राहकों और क्षेत्रवासियों को दीपावली की शुभकामनाएं भी दी और कहा की ईश्वर करें कि यह त्योहार आप सभी के जीवन में सुख, समृद्धि और नई ऊर्जा लेकर आए।