एस.के.एम. न्यूज़ सर्विस
देहरादून। आज उत्तराखंड बेरोजगार संघ के प्रदेश सहसंयोजक जसपाल चौहान जस्सी एवं देहरादून जिलाध्यक्ष विशाल चौहान माध्यमिक शिक्षा निदेशालय, ननूरखेड़ा में धरने पर बैठे एलटी के 585 चयनित अभ्यर्थियों को अपना समर्थन देने पहुँचे। इस दौरान उन्होंने चयनित अभ्यर्थियों की मांगों का समर्थन करते हुए कहा कि युवाओं ने कड़ी मेहनत और संघर्ष के बाद चयन प्राप्त किया है। इसके बावजूद नियुक्ति के लिए उन्हें धरने पर बैठने को मजबूर होना पड़ रहा है, जो बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि सरकार ने जल्द ही 585 चयनित अभ्यर्थियों की नियुक्ति के संबंध में ठोस निर्णय नहीं लिया, तो उत्तराखंड बेरोजगार संघ प्रदेशभर के बेरोजगार युवाओं को एकजुट कर माननीय शिक्षा मंत्री धन सिंह रावत जी के आवास पर व्यापक आंदोलन करने के लिए बाध्य होगा।
मांग –
1. एलटी के सभी 585 चयनित अभ्यर्थियों को तत्काल नियुक्ति दी जाए।
2. नियुक्ति प्रक्रिया में हो रही देरी को समाप्त किया जाए।
3. युवाओं के भविष्य को ध्यान में रखते हुए सरकार शीघ्र ठोस निर्णय ले।