कोटद्वार। काशीरामपुर क्षेत्र में पिछले कई दिनों से दूषित एवं गंदे पेयजल की आपूर्ति से परेशान स्थानीय नागरिकों के एक प्रतिनिधिमंडल ने आज पूर्व पेयजल मंत्री एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री सुरेन्द्र सिंह नेगी के क्षेत्र में पहुंचने पर उनसे मुलाकात कर अपनी गंभीर समस्या से अवगत कराया। प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि क्षेत्र में लंबे समय से गंदे एवं बदबूदार पानी की आपूर्ति हो रही है, जिसकी शिकायत कई बार संबंधित विभाग को किए जाने के बावजूद अब तक कोई प्रभावी समाधान नहीं हो पाया है। इससे क्षेत्र के लोगों में भारी रोष एवं चिंता व्याप्त है। प्रतिनिधिमंडल की बात को गंभीरता से सुनने के बाद सुरेन्द्र सिंह नेगी ने तत्काल मामले का संज्ञान लेते हुए संबंधित विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों से दूरभाष पर विस्तृत वार्ता की तथा जनस्वास्थ्य से जुड़े इस अत्यंत गंभीर विषय पर तत्काल प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। श्री नेगी ने कहा कि पेयजल जैसी मूलभूत सुविधा में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जा सकती। दूषित पानी की आपूर्ति से बच्चों, बुजुर्गों एवं आम नागरिकों के स्वास्थ्य पर गंभीर खतरा उत्पन्न हो सकता है तथा जलजनित बीमारियों के फैलने की आशंका भी बढ़ जाती है। उन्होंने कहा कि लोगों को स्वच्छ एवं सुरक्षित पेयजल उपलब्ध कराना सरकार और संबंधित विभाग की प्राथमिक जिम्मेदारी है।
श्री नेगी के निर्देशों के बाद संबंधित विभाग के अधिकारी तत्काल मौके पर पहुंचे, क्षेत्र का निरीक्षण किया तथा समस्या का जायजा लिया। अधिकारियों ने क्षेत्रवासियों एवं श्री नेगी को आश्वस्त किया कि दूषित पेयजल आपूर्ति की समस्या का परीक्षण कर शीघ्र स्थायी समाधान किया जाएगा, ताकि लोगों को स्वच्छ एवं सुरक्षित पेयजल उपलब्ध कराया जा सके।
इस दौरान क्षेत्रवासियों ने बताया कि कई बार शिकायत करने के बावजूद जब समस्या का समाधान नहीं हुआ, तब उन्हें अपनी पीड़ा लेकर श्री नेगी जी के पास आना पड़ा। उन्होंने कहा कि श्री नेगी के तत्काल हस्तक्षेप एवं अधिकारियों को दिए गए निर्देशों के बाद विभागीय टीम का मौके पर पहुंचना जनहित के प्रति उनकी संवेदनशीलता एवं सक्रिय कार्यशैली का परिचायक है। क्षेत्रीय जनता एवं प्रतिनिधिमंडल ने इस त्वरित पहल के लिए पूर्व पेयजल मंत्री एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री सुरेन्द्र सिंह नेगी जी का आभार व्यक्त करते हुए विश्वास जताया कि उनके प्रयासों से क्षेत्र को जल्द ही स्वच्छ एवं सुरक्षित पेयजल की सुविधा उपलब्ध होगी।