नगर पालिका की टीम किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार

मसूरी। मसूरी का मौसम अचानक बदल गया और देर रात तक तेज बारिश, आंधी और तूफान ने पूरे क्षेत्र को अपनी चपेट में ले लिया। मौसम विभाग द्वारा जारी हाई अलर्ट का संदेश भी देर रात तक लोगों और प्रशासन तक पहुंच गया था। रातभर चली तेज बारिश और तूफानी हवाओं के कारण शहर के कई हिस्सों में आपदा जैसी स्थिति उत्पन्न हो गई। कई स्थानों पर बड़े-बड़े पेड़ टूटकर सड़कों पर गिर गए, कुछ मकानों और दुकानों की छतें क्षतिग्रस्त हो गईं तथा विद्युत तारों को भी भारी नुकसान पहुंचा। सुबह होते ही नगर पालिका परिषद मसूरी की अध्यक्ष मीरा सकलानी, अधिशासी अधिकारी गौरव भसीन तथा वार्ड सभासद अमित भट्ट प्रभावित क्षेत्रों का निरीक्षण करने मौके पर पहुंचे। उन्होंने विभिन्न स्थानों का दौरा कर स्थिति का जायजा लिया और अधिकारियों से विस्तृत जानकारी प्राप्त की। हालात की गंभीरता को देखते हुए पालिका अध्यक्ष ने नगर पालिका की टीम को तत्काल राहत एवं बचाव कार्य में जुटने के निर्देश दिए। पालिका अध्यक्ष के निर्देश पर वन विभाग के अधिकारियों को मौके पर बुलाया गया तथा सड़कों पर गिरे पेड़ों को हटाने का कार्य शुरू किया गया। वहीं क्षतिग्रस्त बिजली लाइनों की मरम्मत के लिए विद्युत विभाग को भी तत्काल बुलाया गया और टूटी हुई तारों को ठीक कर विद्युत आपूर्ति बहाल करने के निर्देश दिए गए। इस दौरान मॉल रोड पर पेड़ गिरने और वाहनों की आवाजाही प्रभावित होने के कारण लंबा जाम लग गया। स्थिति को देखते हुए पालिका अध्यक्ष मीरा सकलानी स्वयं मौके पर डटी रहीं और अधिकारियों तथा कर्मचारियों के साथ मिलकर यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाने में जुट गईं। उनके प्रयासों से कुछ ही समय में यातायात सामान्य हो सका। पालिका अध्यक्ष ने कहा कि नागरिकों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा नगर पालिका की टीम किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार है।