रुद्रप्रयाग। केदारनाथ धाम में रुद्रप्रयाग पुलिस के जवानों ने ईमानदारी की मिसालपेश की। श्रद्धालु का खोया पर्स 10,000 की नकदी सहित सकुशल लौटाया। श्री केदारनाथ धाम यात्रा-2026 के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सहायता के लिए तैनात रुद्रप्रयाग पुलिस के जवान निरन्तर “मित्र पुलिस” के ध्येय वाक्य (मित्रता, सेवा, सुरक्षा) को चरितार्थ कर रहे हैं। इसी क्रम में आज धाम में तैनात सजग पुलिसकर्मियों ने एक परेशान श्रद्धालु की त्वरित सहायता कर ईमानदारी और कर्तव्यनिष्ठा की एक अनूठी मिसाल पेश की है।
श्री केदारनाथ धाम दर्शन हेतु आये एक श्रद्धालु का पर्स धाम परिसर में कहीं गिर गया था। काफी खोजने के बाद भी पर्स न मिलने पर परेशान श्रद्धालु द्वारा ड्यूटी पर तैनात फायरमैन हरेन्द्र और आरक्षी राजेश से संपर्क कर सहायता मांगी गयी। श्रद्धालु की परेशानी को देखते हुये दोनों जवानों ने बिना समय गंवाये तत्काल संयुक्त रूप से संभावित स्थानों पर अथक खोजबीन शुरू की। पुलिस जवानों की मुस्तैदी और त्वरित प्रयासों के फलस्वरूप कुछ ही समय में उक्त खोया हुआ पर्स सकुशल बरामद कर लिया गया। पर्स की जांच करने पर उसमें 10,000 (दस हजार रुपये) की नकद धनराशि तथा अन्य महत्वपूर्ण दस्तावेज सुरक्षित पाये गये। जवानों द्वारा उक्त पर्स को पूरी पारदर्शिता के साथ संबंधित श्रद्धालु के सुपुर्द किया गया।
भीड़भाड़ वाले क्षेत्र में इतनी जल्दी अपना खोया हुआ पर्स और गाढ़ी कमाई की नकदी वापस पाकर श्रद्धालु भावुक हो उठे। उन्होंने रुद्रप्रयाग पुलिस के जवानों की ईमानदारी, त्वरित कार्यशैली और सेवा भाव की भूरि-भूरि प्रशंसा की तथा दोनों जवानों सहित रुद्रप्रयाग पुलिस का सहृदय आभार प्रकट किया।
“रुद्रप्रयाग पुलिस श्री केदारनाथ यात्रा पर आने वाले प्रत्येक श्रद्धालु की सुगम एवं सुरक्षित यात्रा के लिये सदैव प्रतिबद्ध है। विषम परिस्थितियों में भी हमारे जवान पूरी निष्ठा से देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं की सेवा में जुटे हैं।