“ब्राह्मण समाज संयुक्त मंच” गठन करने पर मंथन

रूडकी, हरिद्वार। उत्तराखण्ड सहित भारत के सभी प्रदेशों के ब्राह्मण संगठनों का एक संयुक्त मंच बनाने के क्रम में रुड़की नगर में कार्यरत ब्राह्मण संगठनों के प्रतिनिधियों की बैठक का आयोजन किया गया। इस बैठक में ब्राह्मण समाज के विभिन्न संगठनों को एकजुट करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल देखने को मिली। रामनगर स्थित स्थानीय होटल में ब्राह्मण समाज से जुड़े विभिन्न संगठनों अखिल भारतीय देवभूमि ब्राह्मण जन सेवा समिति, भारतीय ब्राह्मण समाज रुड़की, विप्र फाउंडेशन उत्तराखंड, जनपदीय ब्राह्मण सभा रुड़की, अखिल भारतीय ब्राह्मण एकता परिषद्, भारतीय ब्रह्म सभा रुड़की, उत्तराखण्ड ब्राह्मण समाज महासंघ, राष्ट्रवादी ब्राह्मण महासंघ, अखिल भारतीय ब्राह्मण समाज उत्तराखंड, परशुराम सेना, पुरोहित कल्याण समिति, वामप्रस्थ जन जागरण समिति के अधिकृत प्रतिनिधियो की संयुक्त बैठक में उपस्थिति रही।
सभा का मुख्य उद्देश्य ब्राह्मण समाज के सम्मान की रक्षा तथा देश-प्रदेश में समय-समय पर ब्राह्मण समाज के विरुद्ध हो रहे दुर्भावनापूर्ण एवं द्वेषपूर्ण कृत्यों का संगठित रूप से विरोध और समाधान करना रहा। सभा में अरूण कुमार शर्मा ने बताया कि निरंजनी अखाड़ा, मां मनसा देवी ट्रस्ट तथा अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष महंत रविन्द्र पुरी महाराज के संरक्षण एवं मार्गदर्शन में उनके निर्देशानुसार “ब्राह्मण समाज संयुक्त मंच” के गठन पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया है, ताकि समाज की विभिन्न इकाइयों को एक सूत्र में बांधकर सामूहिक शक्ति का निर्माण किया जा सके। उन्होंने कहा कि “ब्राह्मण समाज संयुक्त मंच” के माध्यम से समय-समय पर सामाजिक, शैक्षिक एवं सांस्कृतिक मुद्दों पर जनजागरूकता अभियान चलाए जाएंगे। साथ ही, समाज के युवाओं को संगठित कर उन्हें सकारात्मक दिशा में आगे बढ़ाने के लिए विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। देवभूमि में ब्राह्मण समाज के प्रतिनिधित्व के आधार पर चुनाव लड़ने वाले, पद लेने वाले व वोट पाकर विधायक, मंत्री, सांसद बनने वाले नेता गणों को दर्पण दिखा समाज के कार्यों में योगदान देने के लिए प्रेरित किया जाएगा, अन्यथा अन्य विचारों पर कार्य कर ब्राह्मण समाज के सम्मान की रक्षा के प्रयास होंगे। ब्राह्मण आराध्य चिरंजीवी भगवान परशुराम का जन्म उत्सव अक्षय तृतीया देवभूमि में शासन-प्रशासन द्वारा भी सम्मान जनक रूप से प्रति वर्ष आयोजित करने व इस अवसर पर सार्वजनिक अवकाश हेतु देवभूमि में ब्राह्मण जन आंदोलन करने पर भी मंथन कर इसको मूर्त रूप दिया जाना ब्राह्मण समाज संयुक्त मंच का प्रमुख उद्देश्य है। सभा में उपस्थित सभी संगठनों के प्रतिनिधियों ने अपने सार्थक विचार प्रदान किए। बैठक के अंत में सभी उपस्थित संगठनों के प्रतिनिधियों ने इस पहल का स्वागत करते हुए एकजुट होकर कार्य करने का संकल्प लिया। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि यह संयुक्त मंच ब्राह्मण समाज के लिए एक मजबूत आवाज बनेगा और भविष्य में समाज के हितों की रक्षा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। सभा में अरुण कुमार शर्मा डॉ. अजय वशिष्ठ, राजेश पंत, सतीश शर्मा, सतीश कौशिक, प्रमोद शर्मा, आदेश कुमार शमार्, अरविंद भारद्वाज, राजेश कपिल, नीरज कुमार शर्मा, श्री गोपाल नारसन, आचार्य रमेश सेमवाल बालकृष्ण शास्त्री, डॉ. रामकुमार शाण्डिल्य, विनय शर्मा, उज्ज्वल पंडित, अश्वनी भारद्वाज, विभोर कुमार, आदित्य शर्मा, डॉ. गोपाल कुमार शर्मा, चेतन शर्मा, डॉ. शैलेश कृष्ण, पंडित शुभम भारद्वाज,आदित्य शर्मा, आदि उपस्थित रहे।