एस.के.एम. न्यूज़ सर्विस
चम्पावत 17 मई। जिलाधिकारी मनीष कुमार के मार्गदर्शन में जनपद चम्पावत में राष्ट्रीय महत्व के ‘भारत जनगणना 2027’ अभियान का कार्य तीव्र गति से संचालित किया जा रहा है। डिजिटल इंडिया की परिकल्पना के अनुरूप इस बार जनगणना की संपूर्ण प्रक्रिया को पूर्णतः डिजिटल स्वरूप प्रदान किया गया है, जिससे डेटा संकलन में पारदर्शिता, शुद्धता एवं त्वरित विश्लेषण सुनिश्चित हो रहा है। प्रशिक्षित प्रगणकों द्वारा घर-घर जाकर डेटा संकलन किया जा रहा है, जिसे 24 मई 2026 तक पूर्ण करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इस चरण में भवनों की स्थिति, निर्माण की प्रकृति, उपयोगिता तथा परिवारों को उपलब्ध मूलभूत सुविधाओं-जैसे स्वच्छ पेयजल, विद्युत, शौचालय एवं आवासीय स्थिति-से संबंधित विस्तृत जानकारी संकलित की जा रही है। संपूर्ण प्रक्रिया में अत्याधुनिक HLB Application का उपयोग किया जा रहा है, जिसके माध्यम से आंकड़े सीधे डिजिटल सर्वर पर अपलोड किए जा रहे हैं। इससे रियल-टाइम मॉनिटरिंग एवं वैज्ञानिक विश्लेषण संभव हो रहा है, जो भविष्य की विकास योजनाओं के लिए मजबूत आधार सिद्ध होगा।
जनपद के ग्रामीण क्षेत्रों में कुल 370 प्रगणक एवं 62 सुपरवाइजर तैनात किए गए हैं। इनमें तहसील चम्पावत में 79 प्रगणक एवं 11 सुपरवाइजर, पाटी में 84 प्रगणक एवं 14 सुपरवाइजर, बाराकोट में 41 प्रगणक एवं 7 सुपरवाइजर, पूर्णागिरि में 81 प्रगणक एवं 16 सुपरवाइजर तथा लोहाघाट में 85 प्रगणक एवं 14 सुपरवाइजर कार्यरत हैं। वहीं नगरीय क्षेत्रों में कुल 89 प्रगणक एवं 19 सुपरवाइजर तैनात किए गए हैं। नगर पालिका टनकपुर में 35 प्रगणक एवं 9 सुपरवाइजर, नगर पालिका लोहाघाट में 16 प्रगणक एवं 3 सुपरवाइजर, नगर पालिका चम्पावत में 23 प्रगणक एवं 4 सुपरवाइजर, नगर पंचायत पाटी में 6 प्रगणक एवं 1 सुपरवाइजर तथा नगर पंचायत बनबसा में 9 प्रगणक एवं 2 सुपरवाइजर अभियान में लगे हुए हैं। जनपद में तहसील पाटी, नगर पंचायत पाटी एवं नगर पंचायत बनबसा में 100 प्रतिशत HLB गणना पूर्ण कर ली गई है। इसके अतिरिक्त तहसील बाराकोट में 96.23 प्रतिशत, पूर्णागिरि में 96.69 प्रतिशत, तहसील चम्पावत में 92.31 प्रतिशत, नगर पालिका टनकपुर में 92.11 प्रतिशत, नगर पालिका लोहाघाट में 93.75 प्रतिशत, तहसील लोहाघाट में 89.20 प्रतिशत तथा नगर पालिका चम्पावत में 82.61 प्रतिशत प्रगति दर्ज की गई है। जनपद में अब तक कुल 93.11 प्रतिशत HLB गणना पूर्ण की जा चुकी है। जिलाधिकारी श्री मनीष कुमार ने समस्त जनपदवासियों से अपील की कि वे इस राष्ट्रीय महत्व के अभियान में सक्रिय सहभागिता निभाते हुए प्रगणकों को सही एवं सटीक जानकारी उपलब्ध कराएं, ताकि चम्पावत डेटा-आधारित विकास मॉडल की दिशा में और अधिक सशक्त रूप से आगे बढ़ सके।