डीएम ने की जनसुविधाओं की समीक्षा

पौड़ी गढ़वाल। जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने थलीसैंण तहसील का निरीक्षण कर न्यायिक प्रक्रिया, राजस्व व्यवस्थाओं एवं जनसुविधाओं की समीक्षा की। उन्होंने सार्वजनिक परिसर अधिनियम के लंबित मामलों के शीघ्र निस्तारण, सप्ताह में दो दिन नियमित कोर्ट संचालन तथा न्यायालय तिथियों पर जिला सरकारी अधिवक्ता की अनिवार्य उपस्थिति के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान मॉडर्न रिकॉर्ड रूम, भू-अभिलेख कक्ष, नज़ारत कक्ष, रजिस्ट्रार कानूनगो अनुभाग, संग्रह एवं ई-डिस्ट्रिक्ट अनुभाग का अवलोकन किया गया। अभिलेखों के सुव्यवस्थित रखरखाव पर संतोष व्यक्त करते हुए तहसील परिसर की स्वच्छता, शौचालय एवं पेयजल व्यवस्था सुदृढ़ रखने के निर्देश दिए गए। जनता दरबार पंजिका का निरीक्षण कर मुख्यालय से प्राप्त पत्रों की पृथक पंजिका बनाए जाने के निर्देश दिए गए। संग्रह अनुभाग की समीक्षा में वसूली की स्थिति की जानकारी लेते हुए बड़े बकायेदारों पर विशेष ध्यान देने, प्रभावी वसूली सुनिश्चित करने तथा मेडिकल अवकाश पर गए कार्मिकों की स्थिति की जानकारी ली गई। निरीक्षण के दौरान पर्यावरण मित्रों द्वारा पिछले पांच माह से वेतन न मिलने की समस्या पर जिलाधिकारी ने स्वच्छ सुलभ फाउंडेशन को 31 जनवरी तक पूर्ण वेतन भुगतान सुनिश्चित करने तथा समयसीमा न मानने पर बकाया राशि की राजस्व की भांति वसूली की चेतावनी दी। तहसील परिसर में आवास व्यवस्था के लिए उपजिलाधिकारी को निरीक्षण कर आख्या देने के निर्देश दिए गए। इसके पश्चात पटवारियों एवं कानूनगो के साथ बैठक कर पटवारी चौकियों के निर्माण हेतु एस्टीमेट तैयार कर प्रस्ताव शीघ्र उपलब्ध कराने, ग्राम पंचायतों में नियमित भ्रमण हेतु रोस्टर बनाने, अपने क्षेत्र में बैठना सुनिश्चित करने तथा सभी राजस्व चौकियों पर नाम व मोबाइल नंबर सहित सूचना बोर्ड लगाने के निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने दैवीय आपदा में सार्वजनिक क्षति का समुचित रिकॉर्ड रखने, प्रमाणपत्रों के लंबित मामलों का कारणवार निस्तारण करने, आवेदनों को अस्वीकृत करने के बजाय आपत्ति दर्ज कर सुधार का अवसर देने, शीत लहर से निपटने की तैयारियों, जनसमर्पण पोर्टल की शिकायतों पर गंभीरता से कार्यवाही, विकास योजनाओं के स्थलीय निरीक्षण तथा सरकारी भूमि पर अतिक्रमण के मामलों में आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बैठक के अंत में उन्होंने व्यवस्था को सरल, पारदर्शी व जनोन्मुखी बनाने पर जोर दिया। निरीक्षण के दौरान उपजिलाधिकारी कृष्णा त्रिपाठी, तहसीलदार शंकर सिंह सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।