भौगोलिक संकेतक टैग प्राप्त होना जिले के लिए गर्व का विषय

एस.के.एम. न्यूज़ सर्विस
पौड़ी गढ़वाल। जनपद पौड़ी गढ़वाल के बेडू (हिमालयी अंजीर) को भौगोलिक संकेतक (जी.आई.) टैग प्राप्त हुआ है, जो जिले के लिए गर्व का विषय है। यह उपलब्धि एनआरएलएम के तहत गठित उमंग स्वायत्त सहकारिता, बिचली ढांढरी के प्रयासों से संभव हुई, जिसमें ग्रामोत्थान परियोजना (रीप), कृषि एवं उद्यान विभाग और भरसार विश्वविद्यालय का तकनीकी सहयोग रहा। जिलाधिकारी के मार्गदर्शन में आवेदन हेतु ₹2.50 लाख की सहायता दी गई।
जिलाधिकारी स्वाति एस भदौरिया ने कहा कि यह उपलब्धि पौड़ी की सांस्कृतिक धरोहर और स्थानीय उत्पादों की पहचान को राष्ट्रीय स्तर पर स्थापित करेगी। मुख्य विकास अधिकारी गिरीश गुणवंत ने कहा कि यह पहल पर्वतीय उत्पादों को वैश्विक बाजार से जोड़ने में मील का पत्थर साबित होगी।
उमंग फैडरेशन की अध्यक्षा उमा देवी ने कहा कि जी.आई. टैग से बेडू उत्पादों के मूल्य और मांग दोनों में वृद्धि होगी, जिससे किसानों और महिला समूहों की आय में उल्लेखनीय बढ़ोतरी होगी।