देहरादून। दिल्ली के मालवीय नगर अग्निकांड प्रकरण में उत्तराखंड के केशव नेगी की गिरफ्तारी के संबंध में आज दिल्ली की माननीय मुख्यमंत्री श्रीमती रेखा गुप्ता से वार्ता हुई। श्रीमती रेखा गुप्ता ने आश्वस्त किया है कि किसी भी निर्दोष व्यक्ति के साथ अन्याय नहीं होने दिया जाएगा तथा जांच पूरी तरह तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर होगी। पूर्ण विश्वास है कि दिल्ली सरकार और संबंधित एजेंसियां निष्पक्ष जांच के माध्यम से सत्य को सामने लाएंगी। साथ ही केशव नेगी जी की पुत्री कनिष्का नेगी से भी बात कर उन्हें हर संभव सहायता हेतु आश्वस्त किया। हमारी सरकार देश भर में रह रहे सभी प्रवासी उत्तराखंडी भाई बहनों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़ी है।
दिल्ली के मालवीय नगर अग्निकांड मामले में पुलिस ने कुक केशव नेगी को गिरफ्तार किया है। जांच में उसकी लापरवाही और फायर सेफ्टी नियमों के गंभीर उल्लंघन सामने आए हैं। इससे पहले होटल मालिक समेत तीन आरोपी गिरफ्तार हो चुके हैं। हादसे में 21 लोगों की मौत हुई थी। मालवीय नगर अग्निकांड मामले में दिल्ली पुलिस जांच तेजी से आगे बढ़ा रही है। इस मामले में पुलिस ने आगे की जांच के तहत आरोपी रसोइये केशव नेगी को घटनास्थल पर लेकर पहुंची, जहां तीन जून को भीषण आग लगी थी। इस हादसे में 21 लोगों की मौत हो गई थी। पुलिस होटल मालिक लवकेश बजाज के बाद इस मामले में दूसरी गिरफ्तारी कर चुकी है और अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है।
इस घटना में कई विदेशी नागरिकों समेत कम से कम 21 लोगों की मौत हो गई थी। इन 21 लोगों में से 9 भारतीय थे, जबकि 12 विदेशी नागरिक थे, जो बांग्लादेश, लाइबेरिया, नाइजीरिया और मोजाम्बिक के रहने वाले थे। इमारत से 47 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया था। साकेत स्थित मैक्स हॉस्पिटल के बयान के मुताबिक, दक्षिण दिल्ली के इस अस्पताल में अभी कुल 15 मरीज भर्ती हैं। इनमें से 13 विदेशी हैं। वेंटिलेटर पर मौजूद सभी मरीज स्थिर हैं और उनमें सुधार के संकेत दिख रहे हैं।