टिहरी। ऋषिकेश-बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर तोताघाटी और बछेलीखाल के समीप ब्रेक फेल होने के कारण यात्रियों से भरी एक बस अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई। हादसे के वक्त बस में 39 लोग सवार थे। घटना की सूचना मिलते ही एसडीआरएफ और स्थानीय पुलिस की टीम तुरंत मौके पर पहुंची। एसडीआरएफ के जवानों ने तत्परता दिखाते हुए सभी यात्रियों को सुरक्षित बस से बाहर निकाला। चौकी प्रभारी दीपक लिंगवाल ने बताया कि हादसे में सभी लोग सुरक्षित हैं। जिन यात्रियों को हल्की चोटें आई थीं, उन्हें एम्बुलेंस के माध्यम से ऋषिकेश अस्पताल भेजा गया है। वहीं, अन्य सभी यात्रियों को प्राथमिक उपचार के बाद दूसरे वाहनों से हरिद्वार रवाना कर दिया गया है। फिलहाल हाईवे से दुर्घटनाग्रस्त बस को हटाकर यातायात सुचारू करने का कार्य किया जा रहा है।
तोता घाटी में बस पलटने की सूचना पर टिहरी पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल पहुंचाया, पुलिस के अनुसार सभी यात्री सुरक्षित हैं, 3-4 यात्रियों को सामान्य चोटें आईं, जिन्हें उपचार हेतु अस्पताल भेजा गया। देवप्रयाग क्षेत्र की तोता घाटी में रुद्रप्रयाग से हरिद्वार जा रही चारधाम यात्रा बस दुर्घटनाग्रस्त होकर सड़क पर पलट गई। सूचना मिलते ही टिहरी पुलिस, आपदा प्रबंधन टीम एवं 108 एम्बुलेंस सेवा तत्काल मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। बस में सवार 39 यात्रियों में से 3-4 यात्रियों को सामान्य चोटें आईं, जिन्हें उपचार हेतु अस्पताल भेजा गया। अन्य सभी यात्री सुरक्षित हैं। टिहरी पुलिस की त्वरित कार्रवाई, समन्वय एवं राहत कार्यों के चलते बड़ा हादसा टल गया।