रुद्रप्रयाग, 12 मई. श्री केदारनाथ धाम यात्रा को सुरक्षित, सुव्यवस्थित एवं सुचारू बनाए रखने हेतु जिला प्रशासन लगातार यात्रा व्यवस्थाओं की निगरानी कर रहा है। इसी क्रम में अपर जिलाधिकारी श्याम सिंह राणा द्वारा आज सेक्टर अधिकारी केदारनाथ के साथ हिमलोक टेंट कॉलोनी क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान टेंट कॉलोनी में साफ-सफाई, सुरक्षा एवं मूलभूत व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया। अपर जिलाधिकारी ने टेंट संचालकों को स्वच्छता व्यवस्था बनाए रखने, कूड़ा-कचरा निर्धारित स्थानों पर एकत्रित करने तथा निर्धारित सुरक्षा मानकों के अनुरूप व्यवस्थाओं को सुरक्षित एवं व्यवस्थित बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा एवं सुविधाएं सर्वोच्च प्राथमिकता हैं तथा सभी संचालकों को प्रशासन द्वारा निर्धारित मानकों का पालन अनिवार्य रूप से करना होगा। निरीक्षण के दौरान विभिन्न व्यवस्थाओं में कमी पाए जाने एवं नियमों के उल्लंघन पर कार्रवाई करते हुए अलग-अलग मामलों में लगभग 11 व्यक्तियों के चालान की कार्रवाई की गई। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि यात्रा व्यवस्थाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी तथा नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी। अपर जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को यात्रा क्षेत्र में नियमित निरीक्षण अभियान जारी रखने के निर्देश देते हुए कहा कि श्रद्धालुओं को सुरक्षित, स्वच्छ एवं बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है। साथ ही सभी टेंट संचालकों एवं सेवा प्रदाताओं से प्रशासन का सहयोग करने और निर्धारित दिशा-निर्देशों का पूर्ण पालन करने की अपील की गई।