उत्तराखंड में मौसम ने ली करवट

देहरादून। चारधाम यात्रा शुरु होने से पहले मौसम ने करवट ले ली है। जहां एक ओर अक्षय तृतीया के अवसर पर गंगोत्री और यमुनोत्री धाम के कपाट खुलने के साथ यात्रा शुरू होने जा रही है, वहीं दूसरी ओर राज्य के पर्वतीय से लेकर मैदानी इलाकों तक मौसम में बदलाव देखने को मिल रहा है। पहाड़ों में बादल छाए हुए हैं और बारिश के आसार बने हुए हैं, जबकि मैदानी क्षेत्रों में उमस भरी गर्मी लोगों को परेशान कर रही है।
मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार टिहरी, रुद्रप्रयाग, उत्तरकाशी, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों में कई स्थानों पर हल्की बारिश और गरज-चमक की संभावना है। इसके साथ ही इन क्षेत्रों में आकाशीय बिजली गिरने और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज अंधड़ चलने का येलो अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग ने यात्रियों और स्थानीय लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। मौसम विभाग के मुताबिक, 4000 मीटर या उससे अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हल्की बर्फबारी भी हो सकती है। इससे ऊंचाई वाले इलाकों में तापमान में गिरावट आएगी और गर्मी से कुछ राहत मिलने की संभावना है। हालांकि, इससे यात्रा मार्गों पर फिसलन और जोखिम भी बढ़ सकता है। देहरादून और आसपास के क्षेत्रों में दिनभर बादल छाए रहे। तेज धूप से राहत जरूर मिली, लेकिन उमस भरी गर्मी ने लोगों को परेशान कर दिया। अधिकतम तापमान 36 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जबकि न्यूनतम तापमान में भी बढ़ोतरी दर्ज की गई। रात के समय भी बादल छाए रहने से बारिश की संभावना बनी रही। मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले कुछ दिनों तक उत्तराखंड के मैदानी इलाकों में इसी तरह का मौसम बना रह सकता है, जहां बादल छाए रहेंगे और उमस बनी रहेगी। वहीं पर्वतीय क्षेत्रों में रुक-रुक कर हल्की बारिश जारी रह सकती है, जिससे तापमान में थोड़ी गिरावट आएगी।