एस.के.एम. न्यूज़ सर्विस
देहरादून, 14 अप्रैल। राष्ट्रीय व्यापारी कल्याण बोर्ड के सदस्य, उत्तराखंड एवं दून वैली महानगर उद्योग व्यापार मंडल के अध्यक्ष पंकज मैसोंन के नेतृत्व में स्थानीय व्यापारियों द्वारा वाडिया इंस्टीट्यूट के समक्ष एक भव्य मानव श्रृंखला का आयोजन किया गया। इस अवसर पर व्यापारियों ने नरेंद्र मोदी के स्वागत में उत्साहपूर्वक भागीदारी निभाई। कार्यक्रम में हजारों की संख्या में व्यापारी एकत्रित हुए और अनुशासित तरीके से मानव श्रृंखला में खड़े होकर अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। पूरे आयोजन के दौरान व्यापारियों में विशेष उत्साह और ऊर्जा देखने को मिली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी अपने संबोधन में इस भावनात्मक स्वागत का उल्लेख करते हुए कहा कि रास्ते में लोगों का स्नेह और धूप में खड़े होकर किया गया इंतजार उनके लिए विशेष महत्व रखता है, इसी कारण उनका काफिला धीमी गति से आगे बढ़ा ताकि वे सभी का अभिवादन कर सकें। प्रधानमंत्री के आगमन पर “ मोदी-मोदी ” और “ जय-जयकार ” के नारों से वातावरण गूंज उठा। मानव श्रृंखला कार्यक्रम के पश्चात सभी व्यापारी महेंद्र ग्राउंड पहुंचे, जहां उन्होंने प्रधानमंत्री के संबोधन को सुना। यह आयोजन व्यापारियों की एकजुटता और प्रधानमंत्री के प्रति उनके समर्थन का प्रतीक बनकर सामने आया।