12 दिवसीय बेसिक कैंडल मेकिंग प्रशिक्षण का सफल समापन

एस.के.एम. न्यूज़ सर्विस
रुद्रप्रयाग, 28 मार्च। भारतीय स्टेट बैंक ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान रुद्रप्रयाग में प्रोजेक्ट उन्नति के अंतर्गत आयोजित 12 दिवसीय बेसिक कैंडल मेकिंग प्रशिक्षण कार्यक्रम का सफलतापूर्वक समापन हो गया। समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में ग्रामीण बैंक रुद्रप्रयाग के मुख्य प्रबन्धक आर.एस. रावत उपस्थित रहे। उन्होंने प्रशिक्षार्थियों को बैंकिंग सेवाओं से जुड़ने, स्वरोजगार स्थापित करने और बैंक से ऋण प्राप्त करने की प्रक्रिया के बारे में विस्तार से जानकारी दी। आरसेटी के निदेशक अरुण कुमार ने बताया कि संस्थान ग्रामीण युवाओं एवं महिलाओं को स्वरोजगार के विभिन्न क्षेत्रों में निरंतर प्रेरित और सशक्त बना रहा है। राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के डीटी भूपेंद्र बडोनी भी समापन समारोह में उपस्थित थे। उन्होंने बताया कि आरसेटी संस्थान समूह की महिलाओं को विभिन्न कौशल प्रशिक्षण प्रदान करके उनके साथ निरंतर साथी बनकर खड़ा है। प्रशिक्षण के दौरान मास्टर ट्रेनर पवित्र सैनी ने प्रतिभागियों को फैंसी कैंडल, कलरफुल कैंडल, मधु कैंडल, होम डेकोर आइटम्स तथा क्राफ्टिंग की विभिन्न विधियों के साथ-साथ नीम, एलोवेरा और भीमल आदि प्राकृतिक सामग्रियों से बने हर्बल साबुन तथा अन्य उत्पादों का निर्माण भी प्रशिक्षार्थियों को सिखाया गया। आरसेटी प्रशिक्षक भूपेंद्र सिंह रावत द्वारा व्यवसाय से संबंधित महत्वपूर्ण विषयों जैसे प्रोजेक्ट रिपोर्ट तैयार करना, मार्केटिंग मैनेजमेंट, टाइम मैनेजमेंट इफेक्टिव कम्युनिकेशन स्किल पॉजिटिव एटीट्यूड एवं उद्यमिता विकास पर विस्तृत जानकारी प्रदान की गई। समापन अवसर पर सभी प्रशिक्षणार्थी, आरसेटी स्टाफ सदस्य उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में सफलतापूर्वक प्रशिक्षण पूरा करने वाले सभी प्रतिभागियों को प्रमाण-पत्र वितरित किए गए। प्रशिक्षार्थियों ने संस्थान और प्रशिक्षकों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस प्रशिक्षण से उन्हें न केवल नई कौशल प्राप्त हुई हैं, बल्कि स्वरोजगार शुरू करने का आत्मविश्वास भी प्राप्त हुआ।