राज्य सरकार के चार वर्ष पूर्ण होने पर 23 से 25 मार्च तक जनपद में होंगे भव्य कार्यक्रम

रुद्रप्रयाग। जनपद रुद्रप्रयाग में राज्य सरकार के चार वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में “जन-जन की सरकार – 4 साल बेमिसाल” थीम के अंतर्गत आयोजित होने वाले तीन दिवसीय कार्यक्रमों की तैयारियों को लेकर आज जिलाधिकारी विशाल मिश्रा की अध्यक्षता में समस्त विभागीय अधिकारियों के साथ महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिलाधिकारी ने बताया कि शासन के निर्देशानुसार 23 मार्च से 25 मार्च, 2026 तक जनपद रुद्रप्रयाग सहित समस्त प्रदेश में विभिन्न जनकल्याणकारी कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इन कार्यक्रमों का मुख्य उद्देश्य राज्य सरकार द्वारा विगत चार वर्षों में किए गए विकास कार्यों एवं जनहितकारी योजनाओं की जानकारी आमजन तक पहुँचाना तथा पात्र लाभार्थियों को योजनाओं से लाभान्वित करना है। उन्होंने बताया कि जनपद स्तर पर प्रभारी मंत्री अथवा मुख्यमंत्री द्वारा नामित प्रतिनिधि की अध्यक्षता में कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इस दौरान जनसेवा शिविरों का आयोजन कर अधिकाधिक नागरिकों को सरकारी योजनाओं से लाभान्वित किया जाएगा। कार्यक्रमों के अंतर्गत जनपद में चिकित्सा शिविर, रक्तदान शिविर, दिव्यांगजनों के लिए विशेष कैम्प एवं उपकरण वितरण कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। साथ ही महिलाओं एवं बालिकाओं के लिए विशेष स्वास्थ्य शिविर भी लगाए जाएंगे। जिलाधिकारी ने जानकारी दी कि जनपद मुख्यालय रुद्रप्रयाग में दिनांक 23 मार्च, 2026 को भव्य कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा, जिसमें विभिन्न विभागों द्वारा राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाएगा। इस अवसर पर मैराथन एवं विभिन्न खेलकूद प्रतियोगिताओं का आयोजन भी किया जाएगा। सांयकाल में सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित होंगे, जिनमें उत्तराखण्ड की लोक परंपराओं, लोक नृत्य, लोक गायन एवं लोक कला का प्रदर्शन किया जाएगा।

कार्यक्रम का शुभारंभ प्रातः 11:00 बजे किया जाएगा, जिसमें विभिन्न गणमान्य व्यक्तियों द्वारा जनता को संबोधित किया जाएगा। वहीं प्रदेश स्तरीय मुख्य कार्यक्रम देहरादून में आयोजित होगा, जिसमें मुख्यमंत्री द्वारा अपराह्न लगभग 12:30 बजे संबोधन दिया जाएगा। इस कार्यक्रम का सजीव प्रसारण जनपद सहित सभी आयोजन स्थलों पर किया जाएगा। उन्होंने बताया कि यह कार्यक्रम जनपद मुख्यालय के साथ-साथ विधानसभा, तहसील एवं विकासखंड स्तर पर भी आयोजित किए जाएंगे। जनपद मुख्यालय पर आयोजित कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों एवं विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को भी आमंत्रित किया जाएगा। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि कार्यक्रमों के दौरान विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल लगाकर जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी उपलब्ध कराई जाए तथा पात्र लाभार्थियों के आवेदन एवं पंजीकरण की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। साथ ही विभिन्न योजनाओं से लाभान्वित लाभार्थियों को आमंत्रित कर उनके अनुभव साझा कराए जाएं, जिससे अन्य नागरिक भी प्रेरित हो सकें। युवाओं के लिए कौशल विकास, स्वरोजगार एवं उद्यमिता से संबंधित योजनाओं की जानकारी एवं मार्गदर्शन प्रदान करने के निर्देश दिए गए। वहीं महिला एवं बाल विकास विभाग के माध्यम से महिला सशक्तिकरण, पोषण, मातृ-शिशु स्वास्थ्य एवं स्वयं सहायता समूहों की गतिविधियों की जानकारी भी उपलब्ध कराई जाएगी। इसके अतिरिक्त नागरिकों को विभिन्न डिजिटल एवं ऑनलाइन सरकारी सेवाओं के उपयोग के संबंध में भी जागरूक किया जाएगा। जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि कार्यक्रमों के आयोजन में आपसी समन्वय बनाए रखें तथा व्यापक जनभागीदारी सुनिश्चित करें। साथ ही कार्यक्रमों का प्रभावी प्रचार-प्रसार स्थानीय स्तर पर किया जाए, ताकि अधिक से अधिक नागरिक इन योजनाओं का लाभ प्राप्त कर सकें।