एस.के.एम. न्यूज़ सर्विस
देहरादून। नगर निगम द्वारा स्वच्छ भारत मिशन के अंतर्गत शहर की नदियों एवं नालों की सफाई एवं पुनर्जीवन के उद्देश्य से “100 Days One Mission – Reviving Our Rivers” नामक 100 दिवसीय विशेष अभियान का शुभारंभ किया गया। इस अभियान का उद्घाटन महापौर सौरभ थपलियाल एवं नगर आयुक्त नमामी बंसल द्वारा किया गया। अभियान के प्रथम चरण में सत्तोवाली घाटी, भंडारी बाग एवं देहराखास रिस्पना नदी क्षेत्रों में सफाई कार्य प्रारंभ किया गया। इन स्थानों पर नदी एवं प्रमुख नालों में जमा कचरे को हटाने के लिए जेसीबी मशीनों एवं ट्रैक्टर-ट्रॉली की सहायता से व्यापक सफाई अभियान चलाया गया। सफाई के दौरान मुख्य रूप से नगर ठोस अपशिष्ट एवं प्लास्टिक कचरे को निकालकर उसका समुचित निस्तारण किया जा रहा है, जिससे नदियों के प्राकृतिक प्रवाह को बनाए रखते हुए प्रदूषण को कम किया जा सके। नगर आयुक्त द्वारा बताया गया पिछले साल की तरह इस वर्ष भी मानसून से पूर्व तक सभी नालों नदियों की सफाई करायी जाएगी जिसकी समय अवधि 100 दिन रखी गई है जिसमे लगभग सभी बड़े मध्यम नदी नालो को शामिल किया गया। आज अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर महापौर सौरभ थपलियाल एवं नगर आयुक्त द्वारा नगर निगम की मुख्य सफाई निरीक्षक एवं महिला सफाई कर्मियों को उनके उत्कृष्ट कार्य एवं नगर को स्वच्छ रखने में महत्वपूर्ण योगदान के लिए सम्मानित किया गया। महापौर सौरभ थपलियाल ने सभी महिला कर्मियों को अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि नगर निगम की महिला कर्मचारी शहर की स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं।