चमोली। चमोली जनपद के पुलिस लाइन गोपेश्वर में महिला पुलिस अधिकारी कर्मियों एवं पुलिस परिवार की महिलाओं हेतु होली मिलन कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। इस अवसर पर गोपेश्वर नगर की स्थानीय महिलाओं ने भी सहभागिता कर कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई।
समारोह में जनपद की महिला पुलिस कर्मियों, पुलिस परिवार की महिलाओं एवं स्थानीय महिलाओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। पारंपरिक लोकगीतों, रंगारंग नृत्य प्रस्तुतियों एवं सामूहिक सहभागिता ने पूरे परिसर को रंगों और उल्लास से सराबोर कर दिया। महिलाओं ने एक-दूसरे को गुलाल लगाकर होली की शुभकामनाएं दीं और आपसी प्रेम, सम्मान व एकता का संदेश दिया।
इस दौरान पुलिस अधीक्षक चमोली की धर्मपत्नी पूजा पंवार ने भी कार्यक्रम में उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया तथा उपस्थित महिला पुलिस कर्मियों एवं पुलिस परिवार की महिलाओं को संबोधित करते हुए कहा कि— होली केवल रंगों का त्योहार नहीं, बल्कि आपसी विश्वास, स्नेह और अपनत्व को और प्रगाढ़ करने का अवसर है।ऐसे आयोजन हमें एक-दूसरे के और करीब लाते हैं तथा संगठन में पारिवारिक भावना को सुदृढ़ करते हैं। हमें सदैव एकजुट रहकर सकारात्मक ऊर्जा के साथ आगे बढ़ना चाहिए। उन्होंने सभी को सुरक्षित, संयमित एवं सामाजिक सौहार्द के साथ होली मनाने का संदेश देते हुए आपसी सहयोग और सम्मान की भावना बनाए रखने की अपील की।
आयोजन को सफलतापूर्वक संपन्न कराने में प्रतिसार निरीक्षक चमोली आनंद सिंह रावत एवं उनकी टीम का महत्वपूर्ण एवं सराहनीय योगदान रहा। कार्यक्रम में जनपद की महिला पुलिस कर्मी एवं पुलिस परिवार की समस्त महिलाएं उपस्थित रहीं।