विद्युत उपसंस्थान रानीपोखरी से हुई चोरी की घटना का खुलासा

एस.के.एम. न्यूज़ सर्विस
देहरादून, 08 जनवरी। दून पुलिस ने विद्युत उपसंस्थान रानीपोखरी से हुई चोरी की घटना का खुलासा करते हुये घटना को अंजाम देने वाले 04 अभियुक्तों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से घटना में चोरी किया गया सामान बरामद कर लिया है। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त वाहन को सीज कर दिया हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार ऋषिराम क्षेत्री अवर अभियन्ता विद्युत विभाग द्वारा थाना रानीपोखरी क्षेत्रान्तर्गत विद्युत विभाग के उप संस्थान रानीपोखरी से 29 दिसंबर 2025 की रात्रि में अज्ञात चोरों द्वारा लगभग 250 से 300 मीटर एबी केबिल व 06 इंसुलेटर चोरी कर लिये जाने के सम्बन्ध में लिखित तहरीर दी गई। तहरीर के आधार पर थाना रानीपोखरी पर मु.अ.सं. 108/2025 धारा 303(2) बीएनएस का अभियोग पंजीकृत किया गया। घटना के अनावरण तथा अभियुक्त की गिरफ्तारी हेतु वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून द्वारा थाना रानीपोखरी पर गठित पुलिस टीम को आवश्यक निर्देश दिये गये। जिसके अनुपालन में पुलिस टीम द्वारा घटना स्थल का बारीकी से निरीक्षण करते हुए घटना स्थल के आस-पास तथा आने जाने वाले रास्तों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेजों की सहायता से संदिग्धों के सम्बन्ध में आवश्यक जानकारियां एकत्रित की गई। प्राप्त जानकारी के आधार पर सुरागरसी-पतारसी करते हुए स्थानीय मुखबिर तंत्र को भी सक्रिय किया गया तथा मुखबिर की सूचना पर सूर्यधार रोड के पास से चैकिंग के दौरान एक संदिग्ध स्विफ्ट डिजायर कार संख्या यूके-07-ए-7024 को रोककर चैक किया गया तो कार में 04 व्यक्ति सवार थे, जिनके द्वारा अपने नाम सुहेल पुत्र महमूद हसन निवासी म0न0-13/305 अनसारियल खण्ड-1, थाना कुतुबशेर, जनपद सहारनपुर (उ.प्र.), उम्र 30 वर्ष, सर्वेश कुमार पुत्र धपियालाल निवासी कफनोल, तहसील बड़कोट, थाना पुरोला, जनपद उत्तरकाशी उम्र 29 वर्ष, मनमोहन पुत्र शरतलाल निवासी सीमलसारी, तहसील बड़कोट, थाना पुरोला, जनपद उत्तरकाशी उम्र 29 वर्ष व अरविन्द पुत्र मनोज कुमार निवासी धोरा पुडिया थाना चकराता जनपद देहरादून उम्र 25 वर्ष बताये गये। वाहन की तलाशी लेने पर उसमें से विद्युत उपसंस्थान रानीपोखरी से चोरी की गई 230 मीटर विद्युत केबिल, 06 इंसुलेटर व केबिल काटने के औजार बरामद हुए। पूछताछ के दौरान उक्त घटना में अभियुक्तों के एक अन्य साथी अंकित पुत्र भजनलाल निवासी ग्राम घन्ना पो.ऑ. कफनौल जनपद उत्तरकाशी का उक्त घटना में संलिप्त होना प्रकाश में आया है, जिसकी गिरफ्तारी हेतु प्रयास जारी है। अभियुक्त सर्वेश तथा अंकित पूर्व में भी जनपद टिहरी गढवाल से चोरी के अभियोग में जेल जा चुके हैं।