चम्पावत में प्रतिष्ठानों का निरीक्षण, हाइजीन व गुणवत्ता पर सख्ती

एस.के.एम. न्यूज़ सर्विस
चम्पावत। आयुक्त, खाद्य संरक्षा एवं औषधि प्रशासन के निर्देशों के अनुपालन में खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने आज चम्पावत मुख्यालय स्थित विभिन्न रेस्टोरेंट, होटल एवं बेकरी के 07 प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान प्रतिष्ठानों के किचन क्षेत्र में सफाई व्यवस्था, खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता तथा हाइजीन संबंधी मानकों का विशेष रूप से परीक्षण किया गया। इस अवसर पर खाद्य कारोबारियों को निर्देशित किया गया कि पके हुए भोजन को ढककर रखा जाए, स्टोरेज के लिए उचित तापमान पर फ्रीजर का उपयोग सुनिश्चित किया जाए तथा अनिवार्य रूप से बंद डस्टबिन का प्रयोग किया जाए।
इसके अतिरिक्त, सभी खाद्य कारोबारियों को स्वच्छ एवं ताजी खाद्य सामग्री का विक्रय करने, किचन में निरंतर सफाई बनाए रखने तथा कार्य के दौरान एप्रन एवं हेड कैप अनिवार्य रूप से पहनने के निर्देश दिए गए। निरीक्षण के क्रम में पके हुए खाद्य आइटम एवं बेकरी उत्पादों के 03 नमूने संग्रहित कर गुणवत्ता जांच हेतु राजकीय प्रयोगशाला को प्रेषित किए गए। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने पर खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम 2006 के प्रावधानों के अनुसार उचित कार्यवाही अमल में लाई जाएगी। इस अभियान में वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी श्रीमती योगिता तिवारी तथा सहायक श्री दिनेश फर्त्याल मौजूद रहे।